परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा ही सच्ची भक्ति.

बांदा। पं. जे.एन. कॉलेज मैदान गुरुवार को भक्ति के रंग में सराबोर हो गया। संस्कार संस्कृति सेवा संस्थान के तत्वावधान में पांच दिवसीय श्री भक्त चरित्र कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। व्यास पीठ से पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज ने प्रथम दिवस पर हरिवल्लभ भक्तों की महिमा का बखान किया और चित्रकूट की पावन भूमि को नमन करते हुए माता शबरी के चरित्र से कथा का प्रारंभ किया। सदर विधायक प्रकाश द्विवेदी और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सरिता द्विवेदी ने व्यास पीठ पूजन, तुलसी पूजन और माल्यार्पण कर आशीर्वाद लिया। कथा के मध्य जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यमंत्री रामकेश निषाद तथा नरैनी विधायक ओममणि वर्मा ने भी पंडाल पहुंचकर व्यास पीठ का आशीर्वाद लिया और कथा श्रवण किया। महाराज जी ने बताया कि लक्ष्मी, गरुड़, हनुमान जी, जामवंत, सुग्रीव, विभीषण, शबरी, जटायु, ध्रुव, उद्धव, अम्बरीष, विदुर, अक्रूर, सुदामा और पांडव ये सभी हरिवल्लभ भक्त हैं। इनकी सबसे बड़ी विशेषता यही रही कि ये भगवान के पास नहीं भटके, बल्कि एक स्थान पर बैठकर की गई इनकी अनन्य प्रार्थना से प्रसन्न होकर प्रभु स्वयं चलकर इनके पास आए।

हनुमान जी, ऋष्यमूक पर्वत पर सुग्रीव और माता शबरी इसके जीवंत प्रमाण हैं।परिश्रम, प्रार्थना और प्रतीक्षा को भक्ति का आधार बताया। उन्होंने कहा कि शबरी जी ने 10,000 वर्षों की दीर्घ अवधि तक प्रभु मिलन का परिश्रम और चारों युगों में अद्वितीय प्रतीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति को दिन में कम से कम तीन बार प्रातःकाल उठते ही, दोपहर में और रात्रि सोने से पूर्व भगवद् स्मरण अवश्य करना चाहिए।कथा के दौरान महाराज जी ने गोस्वामी तुलसीदास जी की विनय पत्रिका का प्रसिद्ध पद को गाया और पूरे पंडाल से सामूहिक गायन कराया। श्रोताओं ने तन्मयता से स्वर मिलाया और तालियों की थाप के बीच वातावरण पूरी तरह राममय हो गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts