संविधान दिवस पर पुलिसकर्मियों ने ली कर्तव्यनिष्ठा और जनसेवा की शपथ.

मुजफ्फरनगर। संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस कार्यालय में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों को संविधान में निहित आदर्शों, मूल्यों और मूल कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों ने संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करने और अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक ने संविधान की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। संविधान में प्रत्येक नागरिक के अधिकारों के साथ-साथ उसके कर्तव्यों का भी उल्लेख किया गया है। उन्होंने कहा कि संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के आदर्शों को प्रत्येक व्यक्ति को अपने जीवन और कार्यशैली में अपनाना चाहिए।उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस विभाग की जिम्मेदारी केवल कानून व्यवस्था बनाए रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि आमजन के अधिकारों और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा करना भी उसका महत्वपूर्ण दायित्व है। सभी पुलिसकर्मियों को कानून के प्रति सम्मान, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ कार्य करने तथा जनता के प्रति संवेदनशील व्यवहार रखने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक लोकसेवक को जनसेवा की भावना से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। पुलिसकर्मी आमजन के साथ समान व्यवहार करते हुए कानून का पालन सुनिश्चित करें और संविधान की मूल भावना के अनुरूप कार्य करें। इस अवसर पर पुलिस कार्यालय में उपस्थित समस्त पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts