मुजफ्फरनगर। संविधान दिवस के अवसर पर जनपद में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर भारतीय संविधान के महत्व, लोकतांत्रिक मूल्यों और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को याद किया गया। जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में विकासखंड खतौली की ग्राम पंचायत सरायरसूलपुर स्थित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर मूर्ति स्थल पर जीर्णोद्धार कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उपस्थित ग्रामीणों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराते हुए संवैधानिक मूल्यों के प्रति निष्ठा रखने की शपथ दिलाई गई। जिलाधिकारी ने मूर्ति स्थल के जीर्णोद्धार कार्य के लिए भूमि पूजन भी किया। इस दौरान लखनऊ से प्रसारित मुख्यमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण भी ग्रामीणों ने देखा और सुना।
कार्यक्रम में विधायक के प्रतिनिधि अजीत राठी, ब्लॉक प्रमुख संजो गौतम, उपजिलाधिकारी ललित कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान तय्यब अली सहित लगभग 350 ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी ज्योति चावला ने किया। इस अवसर पर न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता जैसे संवैधानिक आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को इन्हें अपने जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। वहीं संविधान दिवस के अवसर पर जिला पंचायत सभागार में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह और अपर जिलाधिकारी न्यायिक सुशील कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना का पाठ कराया तथा मूल कर्तव्यों के पालन की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक नागरिक और लोकसेवक का दायित्व है कि वह संवैधानिक मूल्यों का सम्मान करते हुए अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और जनसेवा की भावना के साथ कार्य करने तथा आमजन के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया गया। दोनों कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुए।















