संविधान दिवस पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने 10 स्थलों पर आंबेडकर मूर्ति जीर्णोद्धार कार्यों का किया शुभारंभ

मुजफ्फरनगर। संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश सरकार की डॉ. बी.आर. आंबेडकर मूर्ति जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण योजना के तहत राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने अपनी विधानसभा क्षेत्र मुजफ्फरनगर के 10 चयनित स्थलों पर विकास कार्यों का विधिवत पूजन कर शुभारंभ किया। योजना का प्रदेशव्यापी शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन से किया, जिसका सजीव प्रसारण विभिन्न स्थलों पर किया गया। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने ग्राम मखियाली, भंडूरा, सिखरेड़ा, भिक्की, धंधेड़ा, कुकड़ा स्थित वाल्मीकि मंदिर, जौली रोड, आनंदपुरी गाजावाली, सरवट स्थित संत रविदास मंदिर तथा गांधीनगर सहित 10 चयनित स्थलों पर पहुंचकर कार्यक्रमों में सहभागिता की। ग्राम कुकड़ा और मखियाली में आयोजित कार्यक्रमों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय प्रदान करता है।

बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने अपना पूरा जीवन वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों के उत्थान तथा सामाजिक समानता की स्थापना के लिए समर्पित किया। उनके विचार आज भी लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं। उन्होंने संत गुरु रविदास और महर्षि वाल्मीकि के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन महापुरुषों ने समाज को समानता, मानवता, ज्ञान और सदाचार का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार महापुरुषों के विचारों को धरातल पर उतारने के लिए कार्य कर रही है। इस योजना के माध्यम से प्रतिमा स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और सुव्यवस्थित बनाया जाएगा, जिससे नई पीढ़ी उनके आदर्शों से प्रेरणा ले सके। कार्यक्रमों में संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया गया तथा लोगों ने समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुता के मूल्यों को अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान अनुसूचित मोर्चा के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अजय सागर, प्रशांत शर्मा, अनुज, ललित कुमार, अमित गौतम, विशाल खोखर, संजीव कल्लू प्रधान सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। मंत्री ने कहा कि महापुरुषों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके विचारों को जीवन में अपनाना है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सामाजिक एकता, भाईचारे और सद्भाव को मजबूत बनाने का आह्वान किया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts