भोपा पुलिस के हत्थे चढ़ा वन्यजीव तस्कर.

मुजफ्फरनगर। थाना भोपा पुलिस ने वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए बारहसिंघा हिरन के छह सींगों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद सींगों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये बताई जा रही है। आरोपी से पूछताछ कर पुलिस इनके स्रोत और खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।

पुलिस के मुताबिक अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय वर्मा के पर्यवेक्षण में संदिग्ध व्यक्तियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह और प्रभारी निरीक्षक आशुतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बरला-भोकरहेड़ी मार्ग पर रजवाहे की पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग की।चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से बारहसिंघा हिरन के छह सींग बरामद हुए। पुलिस ने बरामद सींगों को कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बरामद वन्यजीव अवशेषों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करोड़ों रुपये होने की बात पुलिस ने बताई है।

मामले में थाना भोपा पर मुकदमा अपराध संख्या 260/2026 के तहत वन्य जीव संरक्षण अधिनियम-1972 की धारा 39, 40, 49, 49बी और 51 में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस आरोपी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज की भी जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सींग उसे कहां से मिले और इन्हें आगे कहां सप्लाई किया जाना था।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts