ब्रेस्ट कैंसर के इलाज में आधुनिक तकनीकों से बढ़ी उम्मीद,

मुजफ्फरनगर। ब्रेस्ट कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसर में से एक है। हालांकि चिकित्सा विज्ञान में लगातार हो रही प्रगति और आधुनिक तकनीकों ने इस बीमारी के इलाज को पहले से अधिक प्रभावी और आसान बना दिया है। अब ब्रेस्ट कैंसर के उपचार का उद्देश्य केवल कैंसर को खत्म करना ही नहीं, बल्कि महिला के शारीरिक स्वरूप, आत्मविश्वास और मानसिक स्वास्थ्य को भी सुरक्षित रखना है। मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, वैशाली स्थित मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ कैंसर केयर के ब्रेस्ट सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की सीनियर डायरेक्टर डॉ. रजिंदर कौर सग्गू ने बताया कि ब्रेस्ट कैंसर की सर्जरी में अब कई आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है। इनमें ऑन्कोप्लास्टिक सर्जरी प्रमुख है। इस तकनीक में कैंसर प्रभावित हिस्से को निकालने के साथ ही ब्रेस्ट की प्राकृतिक बनावट को भी बेहतर तरीके से बनाए रखने का प्रयास किया जाता है। यदि बीमारी के कारण पूरा ब्रेस्ट निकालना जरूरी हो, तो रिकंस्ट्रक्शन सर्जरी के माध्यम से उसकी बनावट दोबारा तैयार की जा सकती है।

उन्होंने बताया कि अब प्रत्येक मरीज को एक जैसा इलाज देने के बजाय कैंसर के प्रकार, उसकी स्थिति और विशेषताओं के आधार पर उपचार की योजना बनाई जाती है। टार्गेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी जैसी आधुनिक दवाएं विशेष प्रकार की कैंसर कोशिकाओं को निशाना बनाती हैं। वहीं, जीन जांच के माध्यम से यह पता लगाने में मदद मिलती है कि मरीज को कीमोथेरेपी की आवश्यकता है या नहीं। कुछ मामलों में इस जांच के आधार पर कीमोथेरेपी से बचना भी संभव हो सकता है। नई तकनीकों से कई मरीजों के लिए सर्जरी और रेडिएशन का उपचार भी पहले की तुलना में अधिक सुविधाजनक हुआ है। डॉ. सग्गू ने महिलाओं को जागरूक रहने की सलाह देते हुए कहा कि ब्रेस्ट में गांठ, आकार में बदलाव, त्वचा में असामान्य परिवर्तन या निप्पल से किसी प्रकार का असामान्य स्राव होने पर इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। 40 वर्ष की उम्र के बाद नियमित मैमोग्राफी और अन्य जरूरी जांच के संबंध में डॉक्टर से सलाह लेना भी महत्वपूर्ण है। समय पर पहचान और उचित उपचार से ब्रेस्ट कैंसर के खिलाफ लड़ाई को मजबूत बनाया जा सकता है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts