खेत बचाओ अभियान के तहत किसानों को किया जागरूक,

मुजफ्फरनगर। जनपद में किसानों को टिकाऊ एवं वैज्ञानिक कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 22 अक्टूबर से 30 नवंबर 2026 तक खेत बचाओ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं विवेकपूर्ण प्रयोग, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण, हरी खाद एवं जैविक विकल्पों को बढ़ावा देने तथा प्राकृतिक खेती के विस्तार पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में शनिवार को विकासखंड जानसठ, खतौली और पुरकाजी की विभिन्न ग्राम पंचायतों में कृषि विभाग एवं कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़ा के सहयोग से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें जानसठ के ग्राम कासमपुर खौला व जलालपुर नीला, खतौली के खेड़ी तगान व फहीमपुर खुर्द तथा पुरकाजी के अब्दुलपुर व बसेड़ा गांव शामिल रहे।

विकासखंड जानसठ के ग्राम कासमपुर खौला में आयोजित कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि सुप्रिया पाल, भाजपा क्षेत्रीय मंत्री अमित राठी, ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र सिंह तथा उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही उपस्थित रहे। उप कृषि निदेशक ने किसानों को कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की तकनीकी जानकारी देते हुए फसल अवशेष प्रबंधन, फार्मर रजिस्ट्री, फसल बीमा तथा समृद्धि कार्बन क्रेडिट योजना के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने किसानों की समस्याओं एवं जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।

कृषि विज्ञान केंद्र चित्तौड़ा के कृषि वैज्ञानिक डॉ. यशपाल ने किसानों को रासायनिक उर्वरकों एवं कृषि रक्षा रसायनों का कम से कम और संतुलित प्रयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि इनके अनियंत्रित इस्तेमाल से मिट्टी, जल और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने मृदा सुधार, हरी खाद, जैव उर्वरक, जल प्रबंधन तथा उन्नत फसल उत्पादन तकनीकों की जानकारी दी।

कृषि विभाग के प्राविधिक सहायक संदीप कुमार ने किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का प्रयोग करने, बीज शोधन और समय से बुवाई करने की तकनीकी जानकारी दी। साथ ही जैविक अनाज उत्पादन के लिए प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। अधिकारियों ने किसानों से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts