मुजफ्फरनगर। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के आदेशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से संविधान संवाद एवं सुरक्षित बचपन अभियान के अंतर्गत जनता इंटर कॉलेज हरसोली, शाहपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी ने छात्र-छात्राओं को भारतीय संविधान के महत्व, उसकी प्रस्तावना, संविधान निर्माण की प्रक्रिया तथा संविधान के रचयिताओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में दिए गए मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों के बारे में समझाते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी जागरूक रहना चाहिए। उन्होंने समाज में व्याप्त बाल विवाह, बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति, महिला उत्पीड़न, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए इनके खिलाफ आवाज उठाने का आह्वान किया।
साथ ही उन्होंने विभिन्न आपातकालीन एवं सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देते हुए बताया कि महिला हेल्पलाइन 1090, पुलिस सहायता 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 और विधिक सहायता हेल्पलाइन 15100 के माध्यम से जरूरत पड़ने पर सहायता प्राप्त की जा सकती है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि पंजाब नेशनल बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक ने छात्राओं को बैंक की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर जनपद नोडल अधिकारी संविधान संवाद डॉ. रणवीर सिंह ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने जागरूकता कार्यक्रम के आयोजन पर आभार जताते हुए विद्यालय में भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित कराने का आग्रह किया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षकगण, मिशन शक्ति प्रभारी थाना शाहपुर, वॉलंटियर धनीराम और गौरव मलिक सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों को संविधान, कानूनी अधिकारों, बाल संरक्षण और महिला सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।















