मुजफ्फरनगर। आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2027 को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभागार में सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेटों का प्रशिक्षण एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों को उनकी जिम्मेदारियों और दायित्वों के प्रति गंभीर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्वाचन कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी गंभीरता, जिम्मेदारी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट अपने-अपने क्षेत्रों के मतदेय स्थलों यानी बूथों का अगले दो दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से निरीक्षण कर लें। निरीक्षण के दौरान निर्वाचन आयोग की निर्धारित गाइडलाइन के अनुसार बूथों पर उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की विस्तार से जांच की जाए। इसमें पेयजल, शौचालय, बिजली, रैंप, खिड़कियां, साफ-सफाई, बाउंड्री वॉल और बूथ तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति को प्रमुखता से देखा जाए। इसके अलावा क्रिटिकल और अनक्रिटिकल बूथों की स्थिति का भी भौतिक सत्यापन किया जाए, ताकि निर्वाचन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या समस्या सामने न आए।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण के बाद सभी अधिकारी अपनी विस्तृत रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) को उपलब्ध कराएं, जिससे कमियों को समय रहते दूर कराया जा सके। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट अपने क्षेत्र के ईआरओ और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) के नाम तथा मोबाइल नंबर अपने पास सुरक्षित रखें और उनके साथ निरंतर संपर्क एवं आपसी समन्वय बनाए रखें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, पुलिस अधीक्षक क्राइम इंदु सिद्धार्थ, अपर जिलाधिकारी प्रशासन देश दीपक सिंह, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल सहित सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।















