अमेरिका में बोले राहुल गांधी, युवाओं को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता (LoP) राहुल गांधी ने अमेरिका की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में बोलते हुए भारत के आर्थिक भविष्य को लेकर गंभीर चिंता जाहिर की. उन्होंने देश में बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा प्रणाली में मौजूद समस्याओं की तरफ इशारा किया. राहुल गांधी ने कहा कि भारत एक बड़े आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है, इसका कारण बड़े पैमाने पर बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी खामियां हैं.कोलंबिया यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा, ‘सीधी बात यह है कि भारत एक आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा है. यही हकीकत है. कोई इसे नजरअंदाज कर सकता है, मीडिया भी इसे अनदेखा कर सकता है, लेकिन भारत में बेरोजगारी की एक बहुत बड़ी समस्या है. भारत की शिक्षा व्यवस्था में भी एक बहुत बड़ी समस्या है’

‘युवाओं का एक वर्ग मौजूदा हालात को लेकर निराश’

कांग्रेस सांसद , भारत के युवाओं के बारे में मॉडरेटर लिडिया पोलग्रीन द्वारा पूछे गए एक सवाल का जवाब दे रहे थे. राहुल गांधी ने कहा कि युवाओं का एक वर्ग, जो मौजूदा हालात को लेकर निराशा जता रहा है, वह मध्यम वर्गीय परिवारों से आता है और उसने औपचारिक शिक्षा प्राप्त की है. उन्होंने कहा कि युवाओं में इस निराशा का मूल कारण यह है कि उन्हें अपना कोई भविष्य नजर नहीं आता।उन्होंने कहा, ‘हम इस पर अध्ययन कर रहे हैं, इसे समझने की कोशिश कर रहे हैं, और इसकी वजह काफी दिलचस्प है – असल बात यह है कि उन्हें अपना कोई भविष्य नहीं दिख रहा है’.

‘ नई पीढ़ी पिछली पीढ़ी की सलाह पर सवाल उठा रही’

करियर के अवसरों को लेकर युवाओं और उनके माता-पिता के बीच बढ़ती दूरी के बारे में बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि नई पीढ़ी, पिछली पीढ़ी की सलाह और अनुभवों पर सवाल उठा रही है. उन्होंने कहा कि युवाओं और उनके माता-पिता के बीच करियर और रोजगार को लेकर सोच का अंतर बढ़ रहा है.उन्होंने कहा ‘ युवा असल में अपने माता-पिता से यही कह रहे हैं और हमें यह बात खुद माता-पिता से सुनने को मिल रही है कि देखिए, आप खुद सफल नहीं हैं, आपके पास कोई नौकरी नहीं है, इसलिए आप हमें वह करने के लिए नहीं कह सकते जो आपने किया था, क्योंकि वह तरीका अब काम नहीं करता’.

‘इन समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता’

उन्होंने जोर देकर कहा कि भविष्य के अवसरों की कमी, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था से जुड़ी चिंताएं ऐसी बड़ी चुनौतियां हैं जिन्हें नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और इन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है.

आज यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाएंगे राहुल

राहुल गांधी अमेरिका के दो दिवसीय दौरे पर हैं. इसी दौरान उन्होंने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में छात्रों और फैकल्टी के साथ एक शैक्षणिक कार्यक्रम में हिस्सा लिया. वहीं आज उनके यूनिवर्सिटी ऑफ शिकागो जाने का भी कार्यक्रम है.

बीजेपी ने राहुल गांधी पर किया पलटवार

इधर राहुल गांधी के बयान पर बीजेपी ने पलटवार किया है. पार्टी के प्रवक्ता प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने कहा कि राहुल गांधी ‘भारत-विरोधी दुष्प्रचार’ के नेता बन गए हैं. उन्होंने कोलंबिया यूनिवर्सिटी में राहुल पर भारत को बदनाम करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि ‘राहुल गांधी भारत को ‘आर्थिक आपदा’ बताते हैं और भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोलते हैं! यह तब हो रहा है जब पूरी दुनिया मानती है कि भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था है और दुनिया भारतीय लोकतंत्र का सम्मान करती है!’

इसके आगे बीजेपी प्रवक्ता ने कहा ‘यह न भूलें कि कुछ दिन पहले ही हैदराबाद में ‘भारत समिट’ के दौरान उन्होंने विदेशियों से भारतीय लोकतंत्र की आलोचना करवाई थी!. भारत की प्रगति और भारतीय लोकतंत्र के प्रति राहुल गांधी की नफरत ही है, जिसके कारण वे जब भी विदेश जाते हैं, तो भारत के बारे में बुरा-भला कहते हैं!’.

‘राहुल भारत के राष्ट्रीय ध्वज की भावना का अपमान करते हैं’

प्रदीप भंडारी ने कहा ‘इसकी तुलना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से करें, जो अपनी हर आधिकारिक यात्रा के दौरान भारत के राष्ट्रीय हितों को सर्वोपरि रखते हैं और भारत के राष्ट्रीय ध्वज की भावना का सम्मान करते हैं!. भारतीय लोकतंत्र के खिलाफ बोलकर राहुल गांधी भारत के राष्ट्रीय ध्वज की भावना का अपमान करते हैं!. एक जिम्मेदार ‘नेता प्रतिपक्ष’ (LOP) के रूप में राहुल गांधी पूरी तरह से विफल हैं!’

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts