महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का नाम लिए बिना उन पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है. शिंदे ने कहा कि 14 करोड़ जनता से झूठ बोलकर उनकी पीठ में छुरा घोंपने वाले आज दूसरों को झूठा कह रहे हैं. उन्होंने 2019 में शिवसेना और बीजेपी के बीच हुए गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय जनता ने गठबंधन को वोट दिया था, लेकिन मुख्यमंत्री पद की कुर्सी के लिए जनता के साथ विश्वासघात किया गया. शिंदे ने यह भी सवाल उठाया कि जो लोग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को झूठा कह रहे हैं, उन्हें पहले अपना राजनीतिक इतिहास देखना चाहिए.एकनाथ शिंदे ने कहा कि 2019 में शिवसेना और बीजेपी के बीच गठबंधन हुआ था. ऐसे में महाराष्ट्र में गठबंधन की ही सरकार बननी चाहिए थी. लेकिन मुख्यमंत्री पद की कुर्सी के लिए महाराष्ट्र की जनता से झूठ बोला गया और उसके साथ विश्वासघात किया गया. शिंदे ने आरोप लगाया कि जिस बीजेपी के साथ चुनाव लड़ा गया था, उसी की पीठ में छुरा घोंपा गया.
उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को झूठा कहने वालों को पहले अपने राजनीतिक इतिहास में बोले गए झूठों का हिसाब देना चाहिए. 14 करोड़ जनता के साथ विश्वासघात करने वालों को दूसरों को नैतिकता का पाठ नहीं पढ़ाना चाहिए. शिंदे के इस बयान को उद्धव ठाकरे पर सीधे हमले के तौर पर देखा जा रहा है.
मोदी और अमित शाह पर आरोप लगाने वालों को घेरा
शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर लगातार होने वाले हमलों को लेकर भी विपक्ष पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का रोजाना मोदीजी और अमित भाई पर हमला करना, झूठे आरोप लगाना और मीडिया में सुर्खियां बटोरना ही काम बन गया है.उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि झूठ बोलो, लेकिन लगातार बोलते रहो और मीडिया में बने रहो, यही उनकी कार्यप्रणाली है. हालांकि, जनता सब कुछ समझती है. केवल आरोपों की बौछार करने से हकीकत नहीं बदलती.
किसानों के मुद्दे पर भी विपक्ष को सुनाया
महाराष्ट्र में किसानों की परेशानी का जिक्र करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आज किसान संकट में है. सूखा, प्राकृतिक आपदाओं और आर्थिक परेशानियों के कारण किसान बेहाल है. ऐसे समय में उसके साथ खड़े होने की जरूरत है.शिंदे ने विपक्ष पर सवाल उठाते हुए कहा कि आप कहते हैं कि किसानों के खेतों तक जाते हैं, लेकिन क्या किसी किसान को बिस्कुट का एक पैकेट तक दिया? उन्होंने कहा कि किसानों की प्रत्यक्ष मदद करने के बजाय उनके संकट पर राजनीति करना उचित नहीं है. राजनीति करने के लिए कई दूसरे मुद्दे हैं, लेकिन किसानों के सवालों पर सभी को एकजुट होकर काम करना चाहिए.
रोहित पवार के बयान पर भी किया पलटवार
किसी उद्योगपति के साथ तस्वीर होने या उसके कार्यक्रम में शामिल होने को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर भी शिंदे ने जवाब दिया. उन्होंने कहा कि किसी उद्योगपति के साथ फोटो होना या उसके कार्यक्रम में शामिल होना, इसका मतलब यह नहीं है कि उस व्यक्ति को संरक्षण दिया जा रहा है या उसका समर्थन किया जा रहा है.
शिंदे के मुताबिक, किसी के कार्यक्रम में जाना कोई अपराध नहीं है. बिना किसी ठोस सबूत के केवल फोटो के आधार पर आरोप लगाना गलत है. उन्होंने यह प्रतिक्रिया रोहित पवार के बयान पर दी.
अपने बयान में एकनाथ शिंदे ने विपक्ष पर व्यंग्य करते हुए कहा कि कुछ लोगों की हालत ऐसी हो गई है कि उन्हें दिनभर मोदीजी और अमित भाई के अलावा कुछ दिखाई ही नहीं देता. उन्हें मोदी फोबिया और अमित शाह फोबिया हो गया है.संताजी-धनाजी के नाम से पहचाने जाने वाले इतिहास का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चों के घोड़ों को पानी पीते समय भी उन्हें वही नजर आते थे. इस टिप्पणी के जरिए शिंदे ने अपने राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा.














