भारत और जापान के बीच रक्षा और रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर आज से दो दिवसीय जापान दौरे पर रहेंगे. इस दौरान दोनों देशों के बीच चौथी भारत-जापान 2+2 वार्ता होगी. बातचीत के केंद्र में रक्षा सहयोग, हिंद-प्रशांत क्षेत्र की सुरक्षा और दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के मुद्दे रहेंगे.टोक्यो में होने वाली इस वार्ता में राजनाथ सिंह और एस. जयशंकर अपने जापानी समकक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें भी करेंगे. राजनाथ सिंह जापान के रक्षा मंत्री शिंजिरो कोइज़ुमी के साथ रक्षा मंत्री स्तर की बैठक करेंगे, जबकि एस. जयशंकर जापान के विदेश मंत्री तोशिमित्सु मोतेगी के साथ रणनीतिक वार्ता करेंगे. इन बैठकों में द्विपक्षीय सहयोग के साथ क्षेत्रीय और वैश्विक सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी.
भारत-जापान 2+2 वार्ता
भारत-जापान 2+2 वार्ता दोनों देशों के बीच विदेश और रक्षा मंत्रियों का साझा संवाद मंच है. इसका मकसद रक्षा और विदेश नीति से जुड़े मुद्दों पर समन्वय बढ़ाना और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में साझा रणनीतिक दृष्टिकोण को मजबूत करना है. इस वार्ता का पिछला दौर अगस्त 2024 में नई दिल्ली में हुआ था.
सहयोग के एजेंडे को आगे बढ़ाने पर चर्चा
इस दौरे के दौरान दोनों देश पिछले दो वार्षिक शिखर सम्मेलनों में बनी सहमतियों की भी समीक्षा करेंगे. अगस्त 2025 और जुलाई 2026 में हुई शिखर बैठकों में तय किए गए सहयोग के एजेंडे को आगे बढ़ाने पर चर्चा होगी. इसके अलावा एस. जयशंकर टोक्यो में तीसरे रायसीना टोक्यो सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे.
भारत और जापान के बीच विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन जैसे साझा मूल्यों पर आधारित है. दोनों देश मुक्त, खुले, शांतिपूर्ण और समृद्ध हिंद-प्रशांत क्षेत्र की पैरवी करते रहे हैं. ऐसे में इस दौरे को दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय रणनीतिक समन्वय को आगे बढ़ाने के लिहाज से अहम माना जा रहा है.















