मुजफ्फरनगर। खतौली में युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला सेवायोजन कार्यालय एवं श्री कुंद-कुंद जैन इंटर कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का आयोजन श्री कुंद-कुंद जैन इंटर कॉलेज खतौली के परिसर में किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बेरोजगार युवक-युवतियों ने पहुंचकर विभिन्न कंपनियों में नौकरी के लिए अपनी योग्यता और कौशल का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ खतौली विधायक मदन भैया के प्रतिनिधि एवं संगठन महासचिव अजित राठी, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय महासचिव धर्मेंद्र तोमर तथा सुमित चपराणा ने किया। अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि रोजगार मेलों के माध्यम से युवाओं को निजी क्षेत्र में नौकरी पाने के बेहतर अवसर मिलते हैं।
उन्होंने अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में ऐसे आयोजनों में प्रतिभाग करने तथा अपने कौशल को निखारने का आह्वान किया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की कुल 18 कंपनियों ने हिस्सा लिया। इन कंपनियों की ओर से विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार एवं लिखित परीक्षा आयोजित की गई। मेले में कुल 346 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर प्रतिभाग किया, जिनमें से 199 अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया के प्रथम चरण के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले में पुखराज हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड, जैन क्लीन टेक प्राइवेट लिमिटेड और वर्धमान टेक्सटाइल सहित कई कंपनियों ने युवाओं का साक्षात्कार लिया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनुराग जैन एवं जिला सेवायोजन अधिकारी पारुल सिंघल ने साक्षात्कार में शामिल अभ्यर्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। आयोजन को सफल बनाने में जिला सेवायोजन कार्यालय के अपर सांख्यिकीय अधिकारी अश्वनी कुमार, राधेश्याम, प्रदीप कुमार, शिव शंकर, जितेंद्र कुमार, प्रमोद कुमार और रोहीन सहित कॉलेज के शिक्षक एवं कर्मचारियों का विशेष सहयोग रहा।















