शामली। आर.के. कॉलेज, शामली के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के तत्वावधान में महाविद्यालय स्तरीय पुरुष बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का संचालन शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. परवीन अहमद के निर्देशन में हुआ। प्रतियोगिता में महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी खेल प्रतिभा, कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। सभी प्रतिभागियों ने खेल भावना, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया। खिलाड़ियों ने बेहतर प्रदर्शन करने के लिए पूरी मेहनत की। प्रतियोगिता के समापन पर परिणाम घोषित किए गए, जिसमें वंश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुनाल ने द्वितीय स्थान हासिल किया, जबकि वैभव कुमार तृतीय स्थान पर रहे।प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय की क्रीड़ा समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इस अवसर पर क्रीड़ा समिति के सदस्य डॉ. अजय कुमार एवं डॉ. शशि शेखर उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
विभागाध्यक्ष डॉ. परवीन अहमद ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय में खेल गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों में शारीरिक दक्षता, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है। खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन पर महाविद्यालय में हर्ष का माहौल रहा।















