मुजफ्फरनगर। पुलिसकर्मियों को बेहतर आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पुलिस विभाग ने एक और कदम उठाया है। जानसठ रोड स्थित फायरिंग रेंज पर पुलिसकर्मियों के लिए नवनिर्मित बहुमंजिला आवासीय परिसर में आरओ एवं शीतल जल प्लांट की स्थापना की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद फीता काटकर प्लांट का उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अपराध इंदु सिद्धार्थ, सहायक पुलिस अधीक्षक नगर एवं लाइन सिद्धार्थ के. मिश्रा, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्लांट के शुभारंभ के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने इसकी कार्यप्रणाली और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने कहा कि स्वच्छ एवं शुद्ध पेयजल प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है। पुलिसकर्मी दिन-रात अपनी ड्यूटी निभाते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनके आवासीय परिसर में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना पुलिस विभाग की प्राथमिकताओं में शामिल है। आरओ एवं शीतल जल प्लांट की स्थापना से परिसर में रहने वाले पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों को स्वच्छ तथा ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
उन्होंने कहा कि इस सुविधा से आवासीय परिसर में रहने वाले लोगों को पेयजल के लिए इधर-उधर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें बेहतर जीवन सुविधाएं मिलेंगी। पुलिस विभाग द्वारा पुलिसकर्मियों के कल्याण और उनकी बुनियादी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए इस प्रकार के प्रयास आगे भी जारी रखे जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने इस सुविधा को पुलिसकर्मियों के लिए उपयोगी पहल बताया।
















