मुजफ्फरनगर। बढ़ती उम्र के साथ पुरुषों के शरीर में ताकत, ऊर्जा और यौन इच्छा में कमी आना सामान्य बदलाव हो सकता है। ऐसे में कई पुरुष जवानी बरकरार रखने और मांसपेशियां मजबूत बनाने के लिए टेस्टोस्टेरोन बढ़ाने वाली दवाइयों और सप्लीमेंट का सहारा लेने लगते हैं। सोशल मीडिया पर भी इस तरह के उत्पादों के विज्ञापन खूब दिखाई देते हैं, जिनमें कम समय में शरीर को ताकतवर बनाने और जवानी लौटाने के दावे किए जाते हैं। हालांकि विशेषज्ञों ने बिना जांच और चिकित्सकीय सलाह के इनका इस्तेमाल करने से बचने की चेतावनी दी है।
टेस्टोस्टेरोन पुरुषों के शरीर का महत्वपूर्ण हार्मोन है, जो यौन इच्छा, मांसपेशियों की मजबूती और हड्डियों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। उम्र बढ़ने के साथ इसका स्तर धीरे-धीरे कम हो सकता है, लेकिन हर बुजुर्ग पुरुष में इसकी कमी होना जरूरी नहीं है। कई बार थकान, वजन बढ़ना, कमजोरी और यौन क्षमता में गिरावट के पीछे मधुमेह, मोटापा, तनाव और पर्याप्त नींद नहीं लेना जैसे कारण भी हो सकते हैं।
मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल, नोएडा के यूरोलॉजी विभाग के ग्रुप चेयरमैन एवं प्रोस्टेट और यूरोलॉजिकल कैंसर व पुरुष स्वास्थ्य केंद्र के चेयरमैन डॉ. राजेश अहलावत ने बताया कि केवल लक्षणों के आधार पर टेस्टोस्टेरोन की कमी की पुष्टि नहीं की जा सकती। इसके लिए अलग-अलग दिनों में सुबह रक्त की जांच कराना जरूरी है। जांच में हार्मोन का स्तर कम पाए जाने पर ही विशेषज्ञ उपचार की सलाह देते हैं।उन्होंने बताया कि बिना जरूरत टेस्टोस्टेरोन लेने से शरीर में लाल रक्त कोशिकाओं की संख्या बढ़ सकती है, रक्तचाप प्रभावित हो सकता है और शुक्राणुओं का उत्पादन घट सकता है। प्रोस्टेट संबंधी परेशानी वाले पुरुषों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। बाजार में मिलने वाले हर्बल और टेस्टोस्टेरोन बूस्टर उत्पाद भी पूरी तरह सुरक्षित नहीं माने जा सकते।
विशेषज्ञों के अनुसार, बढ़ती उम्र में स्वस्थ रहने के लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद और वजन नियंत्रित रखना जरूरी है। लगातार थकान या यौन इच्छा में कमी महसूस होने पर खुद दवा लेने के बजाय डॉक्टर से परामर्श करना चाहिए। जवानी लौटाने के भ्रामक दावों से बचकर सही जांच और उपचार को प्राथमिकता देना ही बेहतर है।















