चीन के स्पेस मिशन में PAK की एंट्री, कौन हैं जीशान जिसने रचा इतिहास.

चीन ने को ‘शेनझोउ 24’ अंतरिक्ष यान लॉन्च किया. इसमें तीन अंतरिक्ष यात्री सवार हैं, जिनमें दो चीनी और एक पाकिस्तानी शामिल है. चीन ने अपने अंतरिक्ष स्टेशन पर पहली बार किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को भेजा है. पाकिस्तान के ज़ीशान अली चीन के तियांगोंग स्पेस स्टेशन पर जाने वाले पहले विदेशी नागरिक बने.

बुधवार सुबह उत्तर-पश्चिमी चीन के जिउक्वान सैटे

लाइट लॉन्च सेंटर से इस यान ने उड़ान भरी. इसमें पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री 40 वर्षीय मुहम्मद जीशान अली, चीनी अंतरिक्ष यात्री 51 वर्षीय तांग होंगबो और 39 वर्षीय वू यी शामिल हैं. यान सफलतापूर्वक रॉकेट से अलग हो गया और अपनी तय कक्षा (ऑर्बिट) में पहुंच गया.

पहली बार विदेशी यात्री शामिल

चीन के मानवयुक्त अंतरिक्ष कार्यक्रम के इतिहास में यह पहली बार है, जब किसी संयुक्त उड़ान में चीनी और विदेशी अंतरिक्ष यात्री एक साथ शामिल हुए हैं. किसी विदेशी अंतरिक्ष यात्री को शामिल करने का पहला अवसर है. इसे उत्तर-पश्चिम चीन के जिउक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से लॉन्ग मार्च-2F रॉकेट के ज़रिए लॉन्च किया गया. लॉन्च से कुछ घंटे पहले, बड़ी संख्या में लोग विदाई समारोह में शामिल हुए. कई लोगों ने इस पल को अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया.

‘शेनझोउ 23’ अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर वापसी

रिपोर्ट के अनुसार, यान को तय कक्षा में स्थापित कर दिया गया है और चालक दल 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग एवं तकनीकी परीक्षण करेगा. ज़ीशान अली तियांगोंग स्टेशन पर करीब एक हफ़्ते (5 से 10 दिन) रहेंगे और वैज्ञानिक प्रयोग करेंगे, जिसके बाद वे शेनझोउ-23 यान से धरती पर लौटेंगे. चीन की सरकारी समाचार एजेंसी ‘शिन्हुआ’ के अनुसार, यह दल अपने मिशन के दौरान 90 से अधिक वैज्ञानिक प्रयोग और तकनीकी परीक्षण करेगा. एजेंसी ने बताया कि ज़ीशान अली अपने अल्पकालिक मिशन के दौरान अंतरिक्ष में ‘फोटोसिंथेटिक साइनोबैक्टीरिया’ (प्रकाश-संश्लेषण करने वाले साइनोबैक्टीरिया) से जुड़ा एक प्रयोग करेंगे. इसके बाद वे ‘शेनझोउ 23’ अंतरिक्ष यान से पृथ्वी पर वापस लौटेंगे.

पाकिस्तान ने राष्ट्रपति शी जिनपिंग का किया धन्यवाद

पाकिस्तान के योजना, विकास और विशेष पहल मंत्री, अहसान इकबाल चौधरी ने लॉन्च सेंटर पर पत्रकारों से कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यह भविष्य में और अधिक सहयोग की शुरुआत होगी. उन्होंने चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग, चीनी नेतृत्व, वैज्ञानिकों और इंजीनियरों को धन्यवाद भी दिया. जब उनसे पूछा गया कि क्या पाकिस्तान कभी अपने दम पर अंतरिक्ष यात्री भेज सकता है, तो उन्होंने कहा कि निश्चित रूप से, वह दिन जरूर आएगा.

प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने शुभकामनाएं दीं

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने मिशन पर जाने से पहले अंतरिक्ष यात्रियों को शुभकामनाएं दीं.मंगलवार को ‘X’ (ट्विटर) पर उन्होंने लिखा, ‘अंतरिक्ष की यात्रा में पाकिस्तान-चीन की दोस्ती हिमालय की ऊंचाइयों को भी पार कर रही है’.यह संयुक्त उड़ान फरवरी 2025 में चीन और पाकिस्तान के बीच हुए एक समझौते का हिस्सा है.

तांग इससे पहले दो मिशनों में जा चुके हैं

रिपोर्ट के मुताबिक जहां अली और वू के लिए यह पहली अंतरिक्ष उड़ान थी, वहीं तांग इससे पहले दो मिशनों में जा चुके हैं. अब वे तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर तीन बार जाने वाले पहले अंतरिक्ष यात्री बनने जा रहे हैं.

जीशान अली की मंदारिन भाषा में पकड़

मंगलवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में तांग ने बताया कि भाषा, संस्कृति और सोच में अंतर के कारण इस मिशन में एक साथ मिलकर काम करना सीखना थोड़ा चुनौतीपूर्ण था, लेकिन दोनों पक्षों की कोशिशें रंग ला रही हैं. पत्रकारों के सामने, इन कोशिशों की झलक जीशान अली की मंदारिन भाषा पर पकड़ में दिखी. उन्होंने चीनी कविता की एक पंक्ति का जिक्र किया, जिसका अर्थ है—दूर तक देखने के लिए एक मंजिल और ऊपर चढ़ना.उन्होंने मंदारिन भाषा में कहा, ‘यह मेरी रोज़मर्रा की ट्रेनिंग जैसा है. हर दिन, नई ऊंचाइयों को छूना’. उन्होंने उम्मीद जताई कि दोनों देशों के बीच अंतरिक्ष सहयोग का अगला अध्याय एक उड़ान में एक अंतरिक्ष यात्री से आगे बढ़कर, कई संयुक्त उड़ानों तक पहुंचेगा और चंद्रमा, मंगल एवं उससे भी आगे तक जाएगा.

कौन हैं जीशान अली

मोहम्मद जीशान अली पाकिस्तान वायु सेना (PAF) के 40 वर्षीय विंग कमांडर और लड़ाकू विमान पायलट हैं, जो चीन के शेनझोउ-24 अंतरिक्ष मिशन के तहत अंतरिक्ष में जाने वाले पहले पाकिस्तानी नागरिक और चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुंचने वाले पहले विदेशी अंतरिक्ष यात्री बने हैं. इस मिशन में वो ‘पेलोड विशेषज्ञ’ (payload specialist) के रूप में शामिल हुए हैं. उनके साथ चीनी अंतरिक्ष यात्री तांग होंगबो और वू यी भी हैं.इस साल चीन के मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत पाकिस्तानी उम्मीदवार के रूप में चुने जाने के बाद मोहम्मद ज़ीशान अली ने चीन में कई महीनों तक विशेष ट्रेनिंग ली. इस प्रशिक्षण में चीनी भाषा सीखना, अंतरिक्ष यान के सिस्टम को समझना, ज़ीरो ग्रेविटी में अभ्यास करना और कठिन शारीरिक प्रशिक्षण शामिल था

2030 तक चीन का लक्ष्य

चीन 2030 तक चंद्रमा पर अपने पहले मानव मिशन (crew-led lunar landing) की तैयारी कर रहा है. अंतरिक्ष के क्षेत्र में चीन का मुख्य प्रतिद्वंद्वी अमेरिका को माना जाता है, जहां NASA 2028 में चंद्रमा की सतह पर अंतरिक्ष यात्रियों को उतारने का लक्ष्य लेकर चल रहा है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts