बाँदा। शहर कोतवाली क्षेत्र के कालूकुआं मजार के पास रात जमीन के विवाद ने खूनी रूप ले लिया। घर के निचले हिस्से में अकेले सो रहे 80 वर्षीय बुजुर्ग लल्ला राजपूत की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। बेटा, बहू और दो बच्चे छत पर सो रहे थे और नीचे बुजुर्ग की सांसें थम गईं। सुबह घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।कालूकुआं मजार के पास रहने वाले लल्ला राजपूत पुत्र मंगला राजपूत घर के नीचे अकेले सो रहे थे। बेटा रामगोपाल, बहू शांति और परिवार के दो बच्चे छत पर सो रहे थे। परिजनों के अनुसार रात करीब 12 बजे जब सभी नींद में थे, तभी लल्ला राजपूत की हत्या कर दी गई। उनके गले में कई जगह चाकू से वार किए जाने के निशान मिले हैं। मृतक के बेटे रामगोपाल ने बताया कि परिवार में करीब 10 बिस्वा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। भतीजा भूरा राजपूत जमीन अपने नाम कराने का दबाव बना रहा था। आरोप है कि दीपावली के दिन भी भूरा ने लल्ला राजपूत के साथ मारपीट की थी और जमीन नाम न करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। रामगोपाल ने आशंका जताई कि इसी विवाद में उनके पिता की हत्या की गई है। सीओ सौरभ सिंह ने बताया कि कोतवाली नगर क्षेत्र के कालूकुआं में 80 वर्षीय वृद्ध की मृत्यु की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही उच्चाधिकारियों ने मौके का मुआयना किया। पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्यों का संकलन किया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।















