करंट की चपेट में आकर किसान की मौत.

बाँदा। बदौसा थाना क्षेत्र के तुर्रा गांव में एक दर्दनाक हादसे में किसान की करंट लगने से मौत हो गई। दरवाजे में रखा बिजली का कटा हुआ तार किसान के सिर से छू गया, जिससे वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़ा। मृतक की पहचान 45 वर्षीय तीरथ यादव पुत्र लल्ला यादव के रूप में हुई है। सोमवार रात्रि तीरथ यादव अपने कमरे से बाहर निकल रहा था। घर की बिजली लाइन का तार कमरे के अंदर से बाहर की ओर गया था, जो दरवाजे के पास कटा हुआ रखा था। जैसे ही तीरथ दरवाजे से बाहर निकला, उसका सिर अचानक उस कटे हुए नंगे तार से छू गया। तेज करंट लगने से वह वहीं अचेत होकर गिर पड़ा।

चीख-पुकार सुनकर बड़े भाई रामशिया यादव दौड़े और मौके पर पहुंचे। तीरथ को जमीन पर पड़ा देख उन्होंने शोर मचाया, जिसके बाद परिवार और गांव के लोग इकट्ठा हो गए। परिजन आनन-फानन में उसे निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। म्रतक के भतीजे रामभवन यादव ने बताया कि तीरथ चार भाइयों में सबसे छोटा और अविवाहित था। वह अपने वृद्ध पिता लल्ला यादव के साथ रहता था। परिवार के पास करीब छह बीघा जमीन है, जिस पर खेती कर तीरथ ही पूरे परिवार का भरण-पोषण करता था। तीरथ की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता लल्ला यादव का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को घर ले आए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts