अलवर जिले के लक्ष्मणगढ़ क्षेत्र के जट बास (बड़का) आंगनबाड़ी केंद्र में पोषाहार से मृत छिपकली मिलने का मामला सामने आया है। यह घटना उस वक्त सामने आई जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों को नाश्ता करा रही थी।
बताया जा रहा है कि जैसे ही कार्यकर्ता को छिपकली दिखी, उसने इसका वीडियो बनाकर विभागीय अधिकारियों के व्हाट्सएप ग्रुप में भेजा। लेकिन इसके बाद उसे अधिकारियों की ओर से फटकार लगाई गई और वीडियो को डिलीट करने का दबाव बनाया गया।
वहीं, आरोप है कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर ठेकेदार द्वारा पुराना पोषाहार भेजा जा रहा है, जिससे बच्चों की सेहत से खिलवाड़ हो रहा है।
महिला एवं बाल विकास विभाग पर पूरे मामले को दबाने का आरोप लगाया जा रहा है। जब सुपरवाइजर सीमा मीणा से संपर्क करने का प्रयास किया गया तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
निदेशालय पोषाहार शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उपनिदेशक ने संबंधित सुपरवाइजर को शाम तक रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं और मामले की जांच जारी है























































