एनआईसी सभागार में युवाओं ने ली नशामुक्त भारत की शपथ.

मुजफ्फरनगर। विकसित भारत के लिए चलाए जा रहे ‘नशा मुक्त युवा संकल्प अभियान’ के तहत एनआईसी सभागार में नेहरू युवा केंद्र और माय भारत के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न शिक्षण संस्थानों से पहुंचे सैकड़ों युवाओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव संबोधन सुना और नशामुक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प लिया। कार्यक्रम में सीडीओ कंडारकर कमल किशोर देशभूषण, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं प्रशासक डॉ. वीरपाल निर्वाल और जिला युवा अधिकारी अवेक्षा कपूर ने युवाओं को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई। कार्यक्रम की अध्यक्षता अवेक्षा कपूर ने की, जबकि संचालन आकाश सैनी और शिवम सैनी ने किया। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में युवाओं से नशे से दूर रहकर विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से ही नशामुक्त भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।

साथ ही युवाओं को खेल, योग, कौशल विकास और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जुड़कर सकारात्मक जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ अपने परिवार, मित्रों और समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की। कार्यक्रम में बताया गया कि अभियान के तहत अगले 100 सप्ताह तक प्रत्येक रविवार को देशभर में खेल प्रतियोगिताएं, वॉकथॉन, योग एवं ध्यान सत्र, नुक्कड़ नाटक और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद उपस्थित सभी युवाओं ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने की सामूहिक शपथ ली। समारोह के दौरान समाज सेवा और युवा गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले करीब 70 युवाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद युवाओं ने नशामुक्त और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराते हुए अभियान को सफल बनाने का संदेश दिया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts