मुजफ्फरनगर में IIMT यूनिवर्सिटी के मैदान पर आयोजित प्रथम एमएस मेमोरियल ओपन क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला 5 अप्रैल 2026 को उत्तर प्रदेश पुलिस क्रिकेट टीम और मेरठ की सुपर स्मैसर्स टीम के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में यूपी पुलिस टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज कर टूर्नामेंट की ट्रॉफी अपने नाम कर ली।फाइनल मैच में सुपर स्मैसर्स टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया, लेकिन उनकी शुरुआत ज्यादा मजबूत नहीं रही। पूरी टीम 19.2 ओवर में 106 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम की ओर से सोनू चौहान ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, जबकि गौरव कुमार ने 16 रनों का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज यूपी पुलिस की सधी हुई गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सके।
यूपी पुलिस टीम की ओर से गेंदबाजी बेहद प्रभावशाली रही। साहिल हसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 18 रन देकर 3 विकेट झटके। इसके अलावा विवेक कुमार ने 28 रन देकर 3 विकेट हासिल किए, जबकि मंजीत ने 21 रन देकर 2 विकेट लेकर विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर बनाने से रोक दिया।107 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी यूपी पुलिस क्रिकेट टीम ने संयमित बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और 17.4 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से अनील सरोज ने 28 रन बनाए, जबकि चेतन गहलोत ने नाबाद 24 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उनके इस संतुलित खेल ने टीम की जीत सुनिश्चित की।
मैच में शानदार गेंदबाजी के लिए साहिल हसन को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए विवेक कुमार को बेस्ट बॉलर और अनुज कुमार को बेस्ट फील्डर का पुरस्कार दिया गया।उत्तर प्रदेश पुलिस क्रिकेट टीम विभिन्न जनपदों के खिलाड़ियों से मिलकर बनी है और वर्तमान में गाजियाबाद में एकत्रित होकर अभ्यास कर रही है। टीम कोच और पूर्व रणजी खिलाड़ी विश्वजीत सिंह के मार्गदर्शन में टीम लगातार अभ्यास कर रही है और विभिन्न ओपन क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले रही है।
टूर्नामेंट में शानदार जीत के बाद 8 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर द्वारा पुलिस कार्यालय में विजेता टीम को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया गया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन, कोच विश्वजीत सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सम्मान समारोह के दौरान खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की गई और उन्हें आगे भी इसी तरह प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रेरित किया गया।
















