मुजफ्फरनगर के जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार श्रीवास्तव ने सूचित किया है कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2025 की हाईस्कूल और इण्टरमीडिएट परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है। इस प्रक्रिया के लिए विशेष सचिव, उत्तर प्रदेश शासन, माध्यमिक शिक्षा अनुभाग-7 के आदेशानुसार ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा केंद्रों का चयन किया गया है।
इस क्रम में, विद्यालयों द्वारा परिषद की वेबसाइट पर अपने आधारभूत डेटा के आधार पर परीक्षा केंद्रों और छात्रों के आवंटन की सूची प्राप्त हुई है। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों और छात्रों के आवंटन सूची के संबंध में यदि किसी भी संस्था को आपत्ति हो, तो प्रधानाचार्य या प्रबंधक युक्तियुक्त कारणों और साक्ष्यों सहित अपना प्रत्यावेदन दिनांक 14 नवम्बर, 2024 तक जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के समक्ष प्रस्तुत कर सकते हैं। यह प्रत्यावेदन परिषद द्वारा निर्धारित प्रारूप में ऑनलाइन माध्यमिक शिक्षा परिषद की वेबसाइट (upmsp.edu.in) पर या जिला विद्यालय निरीक्षक, मुजफ्फरनगर के कार्यालय में हार्डकॉपी के रूप में जमा करना आवश्यक है। निर्धारित तिथि के बाद कोई भी आपत्ति स्वीकार नहीं की जाएगी।















