मुजफ्फरनगर में नवनियुक्त जिला अध्यक्ष चौधरी नवीन राठी द्वारा पहली कार्यकर्ता पंचायत का आयोजन किया गया। इस किसान पंचायत में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में उत्साह देखा गया। पंचायत में जिले के विभिन्न हिस्सों से कार्यकर्ता पहुंचे और नवीन राठी को माल्यार्पण कर मिष्ठान खिलाकर शुभकामनाएं दीं। पंचायत में बिजली विभाग द्वारा हो रहे शोषण, गन्ना मूल्य और गन्ना किसानों की समस्याओं पर चर्चा की गई।
पूर्व जिला उपाध्यक्ष पीयूष पवार और मंडल उपाध्यक्ष चौधरी शक्ति सिंह ने शहीद भगत सिंह की तस्वीर नवीन राठी को भेंट की। नवीन राठी ने अपने संबोधन में 17 नवंबर को सिसौली में मासिक पंचायत में इन समस्याओं पर रणनीति तय करने की घोषणा की और कार्यकर्ताओं से उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने किसानों के शोषण के खिलाफ कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि समस्याओं के समाधान के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ी जाएगी।
पंचायत का संचालन चौधरी शक्ति सिंह ने किया और अध्यक्षता पुरबालियान के गुरु जी ने की। सभा में प्रदेश महासचिव चौधरी धीरज लाठियान, प्रदेश उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, पश्चिम प्रदेश उपाध्यक्ष ठाकुर सत्येंद्र सिंह पुंडीर, मंडल महासचिव सरदार गुरमेल बाजवा, मंडल उपाध्यक्ष संजीव भारद्वाज, पश्चिम प्रदेश प्रभारी अशोक घटाएंन, पूर्व जिला उपाध्यक्ष अनुज बालियान, और अन्य पदाधिकारियों ने भी अपने विचार रखे। इस अवसर पर विवेक त्यागी, अमित जड़ौदा, आयुष चौधरी, इमरान, मंगता प्रधान समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।















