गर्मियों में लू से बचाव और शरीर को ठंडक देने के लिए देसी पेयों का सेवन सबसे कारगर माना जाता है। गन्ने का रस और बेल का जूस, दोनों ही शरीर को ठंडा रखने वाले पारंपरिक विकल्प हैं, लेकिन इन दोनों में से कौन बेहतर है? गन्ने का रस तुरंत एनर्जी देता है और प्यास बुझाने के साथ-साथ शरीर को हाइड्रेट भी करता है। यह लिवर के लिए फायदेमंद होता है और थकावट दूर करता है। दूसरी ओर, बेल का जूस पाचन तंत्र को मजबूत करता है और एसिडिटी, अल्सर व कब्ज जैसी समस्याओं में राहत देता है। बेल का शीतल प्रभाव लंबे समय तक रहता है। यदि आप दिनभर बाहर रहते हैं और शरीर में गर्मी ज़्यादा महसूस होती है, तो बेल का जूस ज़्यादा असरदार रहेगा। लेकिन यदि आपको तुरंत एनर्जी और ताजगी चाहिए, तो गन्ने का रस बेहतर विकल्प है। दोनों ही ड्रिंक प्राकृतिक हैं और बिना किसी केमिकल के शरीर को ठंडक देते हैं, इसलिए इन्हें अपने गर्मी के खानपान में ज़रूर शामिल करें।























































