मुख्य सड़क पर बना गहरा गड्ढा बना जान का खतरा, युवक बुलेट समेत गिरा, मचा हड़कंप

मुज़फ्फरनगर शहर की शाही विकास योजनाओं की हकीकत उस समय उजागर हो गई जब रुड़की चुंगी से मदीना चौक को जोड़ने वाली मुख्य 60 फीट चौड़ी सड़क पर एक युवक अपनी बुलेट मोटरसाइकिल समेत गहरे गड्ढे में गिर गया। यह हादसा उस वक्त हुआ जब युवक बारिश के बाद पानी से भरी सड़क पर मदीना कॉलोनी स्थित अपने मामा के घर जा रहा था। सड़क पर पानी जमा होने के कारण वह छिपा हुआ गड्ढा नजर नहीं आ सका और बाइक समेत युवक सीधे उसमें गिर गया। युवक की चीख सुनकर स्थानीय लोग दौड़े और काफी प्रयासों के बाद उसे बाहर निकाला गया। उसके बाद मोटी रस्सियों की मदद से बुलेट मोटरसाइकिल को भी बाहर खींचा गया।स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि यह गड्ढा करीब 6 से 7 फीट गहरा है और कई महीनों से ऐसे ही पानी से भरा हुआ है। दुकानदार दिलशाद ने बताया कि यह कोई पहला हादसा नहीं है, बल्कि आए दिन इस गड्ढे में ई-रिक्शा, बाइक और टेंपो पलटते रहते हैं। एक हादसे में तो एक बच्चे का हाथ तक टूट चुका है। इस गड्ढे को सड़क निर्माण एजेंसी ने पानी निकासी के लिए बनाया था, लेकिन बाद में निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिया गया। राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कांवड़ यात्रा से पहले निरीक्षण के दौरान घटिया सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए निर्माण कार्य रुकवा दिया था, लेकिन तब से अब तक काम दोबारा शुरू नहीं हो पाया।स्थानीय निवासियों का कहना है कि रुड़की चुंगी से मदीना चौक तक की यह सड़क हमेशा जलभराव की समस्या से जूझती रहती है। कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन प्रशासन और नेताओं ने सिर्फ आश्वासन देकर मामले को टाल दिया। अब जब हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं और जान जोखिम में पड़ रही है, तो लोगों में आक्रोश भी तेजी से बढ़ रहा है। जनता की मांग है कि जल्द से जल्द इस सड़क का निर्माण कार्य दोबारा शुरू कर इसे सुरक्षित बनाया जाए, ताकि आगे कोई बड़ा हादसा न हो सके।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts