बुढाना में कांवड़ियों का भव्य स्वागत, पुष्पवर्षा और फल वितरण के साथ मनाया गया श्रद्धा का पर्व

बुढाना। श्रावण मास में महाशिवरात्रि के पावन पर्व के अवसर पर कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, भव्य और श्रद्धामय वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से बुढाना में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चरण सिंह तिराहे के निकट बनाए गए पुलिस स्वागत एवं सहायता केंद्र पर शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा के साथ भव्य स्वागत किया गया और उन्हें फल वितरित किए गए।इस आयोजन का नेतृत्व उपजिलाधिकारी मोनालिसा जौहरी, पुलिस उपाधीक्षक गजेन्द्र पाल सिंह, तहसीलदार महेंद्र यादव, नायब तहसीलदार अमन कुमार और रोहित कुमार, महिला थानाध्यक्ष सुमन शर्मा एवं उप निरीक्षक योगेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में आर्य कन्या इंटर कॉलेज की शिक्षकों एवं गाइड्स की सक्रिय सहभागिता रही, जिन्होंने कांवड़ यात्रियों विशेषकर महिला और बाल कांवड़ियों को अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिनंदन किया।डॉ. राजीव कुमार और कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रमेश के नेतृत्व में शिक्षकों एवं छात्राओं ने न सिर्फ फूलों से स्वागत किया, बल्कि फल और पेयजल की भी सेवा की। इस अवसर पर महिला थाने की टीम द्वारा महिला कांवड़ियों की सुरक्षा, सहायता और सम्मान के उद्देश्य से विशेष सहायता प्रकोष्ठ भी संचालित किया गया, जिससे उन्हें यात्रा के दौरान कोई असुविधा न हो।कार्यक्रम का उद्देश्य ना केवल कांवड़ यात्रा की गरिमा और भव्यता को बनाए रखना था, बल्कि यात्रियों की सुविधा, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सम्मान की जिम्मेदारी को भी गंभीरता से निभाना था। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में पूरे जिले में कांवड़ यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं।प्रशासन की इस समर्पित पहल से जनमानस में विश्वास और सहयोग की भावना और प्रबल हुई है। यह आयोजन सामाजिक समरसता और श्रद्धा का प्रतीक बनकर सामने आया, जिसमें कांवड़ यात्रियों को न केवल धार्मिक भावनाओं से जुड़ाव मिला, बल्कि प्रशासनिक संवेदनशीलता का भी अहसास हुआ

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts