मुजफ्फरनगर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा द्वारा थाना सिविल लाइन का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने की विभिन्न व्यवस्थाओं और अभिलेखों की बारीकी से जांच की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। सबसे पहले उन्होंने मिशन शक्ति केंद्र एवं महिला हेल्प डेस्क का गहन निरीक्षण किया। यहां प्राप्त शिकायतों, पीड़िताओं की समस्याओं, की गई कार्रवाई तथा निस्तारण से संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया गया। इस दौरान एक पीड़िता से सीधे बातचीत कर शिकायत के निस्तारण के संबंध में फीडबैक भी लिया गया, जिसमें पीड़िता ने संतुष्टि व्यक्त की।
इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने थाना कार्यालय, मालखाना, बंदी गृह, संतरी पहरा, कंप्यूटर कक्ष, विवेचक कक्ष और साइबर हेल्प डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने अभिलेखों के रख-रखाव, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा तकनीकी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। मालखाने में रखे शस्त्रों की साफ-सफाई और सुव्यवस्थित रख-रखाव सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान शौचालय, स्नानघर, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, मेस, मंदिर परिसर तथा अग्निशमन यंत्रों की स्थिति भी देखी गई। उन्होंने साफ-सफाई और सुरक्षा मानकों के पालन पर विशेष जोर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अनुशासन बनाए रखें, जनता के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करें और शिकायतों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि थानों की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और संवेदनशीलता आवश्यक है, ताकि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हो सके। आकस्मिक निरीक्षण का उद्देश्य व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाना तथा कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ रखना है।















