उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पूर्व ब्लॉक प्रमुख और माफिया मुख्तार अंसारी के करीबी बताए जाने वाले शोएब उर्फ बॉबी की अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात देवा रोड स्थित असेनी मोड़ के पास दिनदहाड़े हुई, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार शोएब उर्फ बॉबी लखनऊ से वापस अपने घर लौट रहे थे। वह कार से देवा रोड होते हुए गुजर रहे थे, तभी पहले से घात लगाए हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हमलावर बाइक पर सवार थे और वारदात को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए। दिनदहाड़े हुई इस हत्या से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
शोएब उर्फ बॉबी का नाम पहले भी आपराधिक मामलों में सामने आ चुका था और उन्हें पूर्व में माफिया मुख्तार अंसारी का शूटर बताया जाता रहा है। हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से किसी भी एंगल की पुष्टि नहीं की है। प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है, लेकिन पुलिस अन्य संभावनाओं पर भी जांच कर रही है।घटना के बाद क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस सनसनीखेज वारदात ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।















