सहारनपुर के गागलहेड़ी थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें सुरेश राणा हत्याकांड में वांछित एक लाख रुपये का इनामी शूटर अरमान उर्फ दीपू उर्फ सिप्पी को गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। दो अन्य आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गए। आरोपी के कब्जे से अवैध पिस्टल, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई। एसएसपी आशीष तिवारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि आरोपी ने सुरेश राणा की हत्या प्रॉपर्टी और पैसों के विवाद में की थी और गवाहों पर दबाव बनाने सहारनपुर आया था। गिरफ्तार शूटर हरियाणा व राजस्थान में भी कई संगीन मामलों में वांछित है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। फरार बदमाशों की तलाश में कॉम्बिंग अभियान चलाया जा रहा है। साहसिक कार्रवाई के लिए थाना गागलहेड़ी पुलिस व सर्विलांस टीम को एसएसपी ने सराहना व बधाई दी है।















