मुजफ्फरनगर से सिद्धार्थनगर स्थानांतरित हुए पुलिस अधीक्षक अपराध प्रशांत कुमार प्रसाद के सम्मान में रविवार रात एक भावभीनी विदाई समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार सहित जिले के कई वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। सभी ने प्रशांत कुमार प्रसाद के सेवा-भाव, कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।समारोह में जिलाधिकारी और एसएसपी ने उन्हें फूल माला पहनाकर, स्मृतिचिह्न और पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके कार्यकाल की प्रशंसा की। वक्ताओं ने कहा कि प्रशांत कुमार प्रसाद जैसे कर्मठ, अनुशासित और संवेदनशील अधिकारी का योगदान सदैव याद रखा जाएगा। उनके नेतृत्व में जनपद की कानून-व्यवस्था को मजबूती मिली है।मुख्य विकास अधिकारी कमल किशोर देशभूषण कंडारकर, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, सिटी मजिस्ट्रेट विकास कश्यप, और जिले के सभी सीओ सहित अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों ने भी उन्हें माला पहनाकर विदाई दी। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक यातायात कुलदीप सिंह को भी सम्मानपूर्वक विदा किया गया।अपने संबोधन में प्रशांत कुमार प्रसाद ने सहयोगियों और मुजफ्फरनगर की जनता के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह समय उनके जीवन की अमूल्य धरोहर रहेगा।















