मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण, सुरक्षित, दुर्घटनामुक्त और निर्विघ्न संपन्न कराने के उद्देश्य से जनपद पुलिस लगातार सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं को मजबूत बनाने में जुटी हुई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में यात्रा मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और अधिकारियों द्वारा लगातार स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ ने नई मंडी थाना क्षेत्र स्थित बागोवाली कट का निरीक्षण कर सुरक्षा और यातायात प्रबंधों का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कांवड़ मार्ग पर लगाए गए बैरिकेडिंग प्वाइंट, यातायात डायवर्जन व्यवस्था, पुलिस पिकेट, सीसीटीवी कैमरों की निगरानी, भीड़ नियंत्रण के उपाय तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह सक्रिय रहें। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने सतर्कता, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात डायवर्जन का कड़ाई से पालन कराया जाए ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही कांवड़ यात्रियों की हर संभव सहायता सुनिश्चित करने, संदिग्ध गतिविधियों पर पैनी नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम और उच्चाधिकारियों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने पुलिस बल को लगातार गश्त बढ़ाने, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा–निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया।
























































