मुजफ्फरनगर के उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही ने बताया कि किसानों के हित में कृषि विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सोलर पंप पर अनुदान की ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस योजना के तहत केवल वही किसान ऑनलाइन बुकिंग कर सकते हैं, जिन्होंने पहले से विभागीय पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराया है। किसानों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत ई-लाटरी प्रणाली से किया जाएगा, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता की आशंका समाप्त हो जाती है।
इच्छुक किसान विभागीय वेबसाइट agriculture.up.gov.in पर जाकर “अनुदान पर सोलर पम्प हेतु बुकिंग करें” लिंक पर क्लिक कर निर्धारित लक्ष्यों की सीमा तक बुकिंग कर सकते हैं। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि सोलर पंप बुकिंग के लिए पोर्टल 26 नवंबर 2025 दोपहर 3 बजे से 15 दिसंबर 2025 तक खुला रहेगा। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी स्थिति में बुकिंग स्वीकार नहीं की जाएगी, इसलिए किसानों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें।
किसान द्वारा की गई बुकिंग की पुष्टि होने पर इसका संदेश किसान के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दिया जाएगा। बुकिंग कन्फर्म होने के बाद किसानों को निर्धारित अवधि के भीतर अपने हिस्से की शेष धनराशि ऑनलाइन टोकन जनरेट कर विभागीय पोर्टल से चालान निकालकर भारतीय स्टेट बैंक की किसी भी शाखा में जमा करनी होगी। यदि किसान निर्धारित समय में यह राशि जमा नहीं करता है तो उसका चयन स्वतः रद्द हो जाएगा और बुकिंग के दौरान जमा की गई 5000 रुपये की टोकन मनी जब्त कर ली जाएगी। इसलिए किसानों से अपील है कि बुकिंग के बाद समय सीमा का विशेष ध्यान रखें।
कृषि विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा फोन कर किसान अंश की धनराशि जमा करने की मांग की जाती है तो किसान इसे गंभीरता से न लें और किसी भी प्रकार की जानकारी साझा न करें। ऐसी स्थिति में तुरंत उप कृषि निदेशक कार्यालय से संपर्क करना चाहिए। विभाग ने किसानों को आगाह किया है कि योजना से जुड़ी पूरी प्रक्रिया केवल आधिकारिक पोर्टल और विभागीय माध्यमों से ही संचालित होती है, इसलिए किसी भी अनधिकृत संपर्क से बचना आवश्यक है।
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी आवश्यकता के अनुसार पोर्टल पर जाकर सोलर पंप की बुकिंग करें और जिन किसानों को बुकिंग कन्फर्मेशन संदेश प्राप्त हो चुका है, वे निर्धारित अवधि के भीतर शेष धनराशि अवश्य जमा करें। योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए किसान उप कृषि निदेशक या उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी के कार्यालय से भी संपर्क कर सकते हैं। यह सुविधा जिले के किसानों को ऊर्जा लागत कम करने और सिंचाई व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण सहायता प्रदान करेगी।















