भारतीय क्रिकेट टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने शनिवार, 13 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए पहले वनडे मुकाबले में एक ऐसा ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित कर दिया है, जिसे आज तक कोई भी भारतीय मेंस क्रिकेटर नहीं छू सका था।शुभमन गिल वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने यह अद्भुत मुकाम धर्मशाला के मैदान पर अपनी 62वीं पारी में हासिल किया। वर्ल्ड क्रिकेट की बात करें तो गिल अब दुनिया में दूसरे सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं, उनसे आगे सिर्फ साउथ अफ्रीका के पूर्व दिग्गज हाशिम अमला हैं।
तोड़ा विराट कोहली का 14 साल पुराना रिकॉर्ड
इस ऐतिहासिक आंकड़े को छूते ही शुभमन गिल ने अपने आदर्श और भारत के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का सालों पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया है। विराट कोहली ने 14 फरवरी 2012 को श्रीलंका के खिलाफ अपनी 75वीं वनडे पारी में 3,000 रन पूरे किए थे। गिल ने उन्हें बहुत बड़े अंतर से पीछे छोड़ दिया है। गिल अब दुनिया के महज 7वें और भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने 70 से कम पारियों में यह मुकाम हासिल किया है।
वनडे में सबसे तेज 3,000 रन (पारी के हिसाब से):
- 57 पारियां – हाशिम अमला (दक्षिण अफ्रीका)
- 62 पारियां – शुभमन गिल (भारत)
- 67 पारियां – शाई होप (वेस्टइंडीज)
- 67 पारियां – फखर जमान (पाकिस्तान)
- 67 पारियां – इमाम-उल-हक (पाकिस्तान)
टी20 मोड में दिखे कप्तान, नबी की गेंद पर लगाया ऐतिहासिक शॉट
इस मुकाबले से पहले गिल को इस जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए 47 रनों की दरकार थी। बारिश के कारण मैच को 25-25 ओवर का कर दिया गया था और भारत के सामने 195 रनों का बड़ा लक्ष्य था, जिससे गिल पर दबाव होना लाजमी था। लेकिन मैदान पर उतरते ही कप्तान गिल बिल्कुल बेखौफ नजर आए, मानो वह टी20 मैच में बल्लेबाजी कर रहे हों। उन्होंने महज 35 गेंदों में ही जरूरी 47 रन ठोक दिए। मोहम्मद नबी के ओवर में उन्होंने तीन गेंदों के भीतर एक छक्का और एक चौका जड़ा। जिस शॉट के साथ उन्होंने अपने 3,000 रन पूरे किए, वह उनकी क्लास का बेजोड़ नमूना था, गिल ने स्पिनर की फुल लेंथ गेंद पर क्रीज से बाहर निकलकर ऐसा टाइमिंग से भरपूर ड्राइव लगाया कि गेंद सीधे साइट स्क्रीन के पास मौजूद डीप फील्डर्स को छकाते हुए निकल गई।
ओपनर के तौर पर भी रचेंगे नया इतिहास
पूरी पारी के दौरान गिल सिर्फ एक बार मुश्किल में दिखे, जब पांचवें ओवर की आखिरी गेंद पर पुल शॉट खेलने के प्रयास में गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारा ले गई। अफगानिस्तान के विकेटकीपर रहमानुल्लाह गुरबाज ने गेंद को लपकने के लिए मीलों लंबी दौड़ लगाई, लेकिन किस्मत गिल के साथ थी और गेंद उनके पहुंचने से ठीक पहले गिर गई। इस पारी के साथ ही गिल ने अपनी 62वीं पारी में ही वनडे क्रिकेट में बतौर ओपनर 2,700 रनों का आंकड़ा भी पार कर लिया है। अब अगर वह अगली तीन पारियों के भीतर बचे हुए करीब 250 रन बना लेते हैं, तो वह बतौर ओपनर दुनिया में तीसरे सबसे तेज 3,000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे और इस मामले में हाशिम अमला, सचिन तेंदुलकर और रोहित शर्मा जैसे दिग्गजों के क्लब में शामिल हो जाएंगे।















