बांदा। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशन में अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत बांदा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना तिंदवारी पुलिस द्वारा प्रभावी विवेचना और कोर्ट में मजबूत पैरवी के चलते न्यायालय ने अवैध शराब के 2 अलग-अलग मामलों में आरोपी को दोषी ठहराते हुए भारी जुर्माने से दंडित किया है। थाना तिंदवारी में आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत थे। दोनों ही मामले अवैध शराब के निर्माण, भंडारण व बिक्री से संबंधित थे।मामले की गंभीरता को देखते हुए विवेचना अधिकारी द्वारा साक्ष्यों को वैज्ञानिक तरीके से संकलित किया गया और अभियोजन पक्ष द्वारा न्यायालय में प्रभावी ढंग से तथ्य प्रस्तुत किए गए।न्यायालय द्वारा अभियुक्त सूर्यभान पुत्र देवेन्द्र, निवासी ग्राम जसईपुर, थाना तिंदवारी, जनपद बांदा को दोनों मामलों में दोषी पाते हुए कुल 12,000 रुपये के जुर्माने से दंडित किया गया।पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने विवेचना टीम और अभियोजन की सराहना की है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन कन्विक्शन के तहत अवैध शराब, नशा और अपराध में लिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।















