मुजफ्फरनगर। विकास भवन सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी और मुख्य विकास अधिकारी कंडारकर कमल किशोर देशभूषण की अध्यक्षता में आत्मा योजना की गवर्निंग बोर्ड तथा जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के साथ-साथ वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित योजनाओं के अनुमोदन पर विस्तृत चर्चा की गई। अधिकारियों ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों की भागीदारी बढ़ाने और कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों के अधिकाधिक उपयोग पर विशेष जोर दिया।
बैठक के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने आत्मा योजना, मिलेट्स योजना, राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा एवं पोषण मिशन (न्यूट्रीसीरियल्स), नेशनल मिशन ऑन एडिबल ऑयल (ऑयल सीड्स), सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर मैकेनाइजेशन, स्वच्छता एक्शन प्लान, नमामि गंगे, नेशनल मिशन ऑन नेचुरल फार्मिंग, कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण, कृषक हित से जुड़ी योजनाओं, त्वरित मक्का विकास कार्यक्रम और किसान पाठशाला सहित कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं के तहत गत वर्षों में किए गए कार्यों की समीक्षा प्रस्तुत की। साथ ही चालू वर्ष में इन योजनाओं के प्रभावी संचालन और अनुमोदन के लिए विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।जिला भूमि एवं जल संरक्षण समिति की बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय किसान समृद्धि योजना, खेत तालाब योजना तथा मनरेगा के माध्यम से कराए जाने वाले भूमि एवं जल संरक्षण कार्यों की भी समीक्षा की गई। जल संरक्षण और भूमि सुधार से जुड़े प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित योजनाओं को स्वीकृति प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई।
बैठक में डॉ. वीरपाल निर्वाल ने कृषि विभाग द्वारा पिछले वर्ष किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मोटे अनाज के उत्पादन को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। उन्होंने मिलेट्स योजना के तहत रेसिपी प्रतियोगिता और जनजागरूकता कार्यक्रमों का व्यापक स्तर पर आयोजन करने के निर्देश दिए ताकि अधिक से अधिक किसान मोटे अनाज की खेती अपनाएं। इसके साथ ही उन्होंने भूमि एवं जल संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए इन क्षेत्रों में अधिक कार्य कराने की आवश्यकता जताई।भाजपा जिलाध्यक्ष सुधीर सैनी ने प्राकृतिक खेती को भविष्य की आवश्यकता बताते हुए कृषि विभाग से प्रचार-प्रसार अभियान तेज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों को रासायनिक खेती के विकल्प के रूप में प्राकृतिक खेती के लाभों से अवगत कराकर इस दिशा में प्रेरित किया जाना चाहिए।
बैठक में जिला कृषि अधिकारी ने किसान क्रेडिट कार्ड संतृप्तीकरण अभियान की जानकारी देते हुए सभी संबंधित विभागों से 23 जुलाई तक पात्र किसानों के अधिक से अधिक किसान क्रेडिट कार्ड बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने का आह्वान किया। बैठक में जिला मंत्री जोगेंद्र गुर्जर, उप कृषि निदेशक प्रमोद सिरोही, जिला कृषि अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, सहायक निदेशक मत्स्य, कृषि विज्ञान केंद्र बघरा एवं चित्तौड़ा के प्रतिनिधियों सहित कृषि एवं संबद्ध विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।















