मुजफ्फरनगर। जनपद में लगातार हो रही बारिश के बीच ककरौली थाना क्षेत्र के गांव जटवाड़ा में एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार वर्षा के कारण एक मकान की छत और दीवार अचानक भरभराकर गिर गई, जिससे घर के अंदर मौजूद चार लोग मलबे में दब गए। हादसे की सूचना मिलते ही ककरौली थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से मलबे में दबे सभी चार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। घायलों को बिना किसी देरी के उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जानसठ भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद आवश्यकता के अनुसार जिला चिकित्सालय रेफर किया गया। वर्तमान में सभी घायलों का उपचार चल रहा है और चिकित्सकों की निगरानी में उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी जोगिन्दर सिंह स्वयं पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान की कमान संभाली। उन्होंने पुलिसकर्मियों के साथ मलबे में उतरकर राहत कार्य कराया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने भी पूरी तत्परता के साथ सहयोग किया, जिससे रेस्क्यू अभियान तेजी से पूरा किया जा सका। समय रहते लोगों को बाहर निकाल लेने से एक बड़ा हादसा टल गया और संभावित जनहानि से बचाव हो सका।घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया तथा पीड़ित परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों से बातचीत कर घटना की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा राहत कार्यों में किसी प्रकार की कमी न रहने दी जाए। साथ ही अधिकारियों को आवश्यक समन्वय बनाकर प्रभावित परिवार की हर संभव मदद सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र में कच्चे और जर्जर मकानों को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे लगातार वर्षा के दौरान कमजोर और क्षतिग्रस्त भवनों में रहने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस और प्रशासन को दें, ताकि समय रहते राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर जनहानि को रोका जा सके। पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।















