मुजफ्फरनगर। केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सूचना विभाग द्वारा जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास केंद्र (सोल्जर बोर्ड) के मानेकशॉ सभागार में 17 से 20 जून 2026 तक आयोजित विकास चित्र प्रदर्शनी के द्वितीय दिवस पर पूर्व विधायक बुढ़ाना उमेश मलिक, विभिन्न जनप्रतिनिधियों तथा जनपद के वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। प्रदर्शनी में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, नीतियों और विकास कार्यों को चित्रों एवं फोटोग्राफ के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है।
प्रदर्शनी के दौरान उमेश मलिक ने उपस्थित नागरिकों को केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जल जीवन मिशन, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम सूर्यघर, पीएम विश्वकर्मा योजना तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना जैसी योजनाओं ने देश के करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है। इसके साथ ही स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी अनेक योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचा है।
उन्होंने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जेवर एयरपोर्ट, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, विभिन्न पेंशन योजनाएं तथा प्रदेश में विकसित हो रहे एक्सप्रेस-वे और फोरलेन मार्ग विकास की नई तस्वीर प्रस्तुत कर रहे हैं। प्रदर्शनी में इन सभी योजनाओं और विकास कार्यों को चित्रों और फोटोग्राफ के माध्यम से दर्शाया गया है, जिससे आम नागरिकों को सरकार की उपलब्धियों और जनहितकारी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त हो सके।
उमेश मलिक ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि अधिक से अधिक संख्या में लोग विकास चित्र प्रदर्शनी का अवलोकन करें और सरकार द्वारा संचालित योजनाओं एवं उपलब्धियों की जानकारी प्राप्त करें। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने प्रदर्शनी में लगाए गए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाए।
कार्यक्रम के दौरान भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर दीप प्रज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष विशाल गर्ग, जिला सूचना अधिकारी दिलीप कुमार तथा अपर जिला सूचना अधिकारी नरसिंह सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।























































