मुजफ्फरनगर। शासन द्वारा जारी आदेशों एवं निर्देशों के अनुपालन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा द्वारा पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने भूमि विवाद, पारिवारिक मामलों, मारपीट, महिला उत्पीड़न, साइबर अपराध तथा अन्य सामाजिक समस्याओं से संबंधित शिकायतें प्रस्तुत कीं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी शिकायतों को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक प्रकरण का त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक पीड़ित को समयबद्ध न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है।
जनसुनवाई के दौरान महिला अपराधों से संबंधित मामलों को विशेष संवेदनशीलता के साथ लिया गया। महिला उत्पीड़न, घरेलू हिंसा एवं छेड़छाड़ जैसी शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए क्विक रिस्पांस टीम (महिला विंग) को मौके पर रवाना किया गया, ताकि पीड़ित महिलाओं को शीघ्र सहायता और सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सके। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने में कोई कोताही न बरती जाए।
इस अवसर पर उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार अपनाने, शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनने तथा पारदर्शी कार्यप्रणाली के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस प्रशासन आमजन को बेहतर सुरक्षा एवं न्याय उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है। पुलिस कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में फरियादी उपस्थित रहे, जिनकी समस्याओं के समाधान हेतु संबंधित विभागों एवं थाना प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को अपनी समस्याएं सीधे वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिला, जिससे पुलिस प्रशासन के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ।























































