मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार मई 2026 के तृतीय बुधवार को जिला पंचायत सभा कक्ष में जनपद स्तरीय किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने की। किसान दिवस का उद्देश्य जनपद के किसानों की समस्याओं को सुनकर उनका समयबद्ध निस्तारण कराना रहा। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान किसानों को पिछले किसान दिवस में उठाई गई शिकायतों के निस्तारण की जानकारी दी गई तथा कृषि एवं कृषि से जुड़े विभागों द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया गया।
बैठक में किसानों ने गन्ना भुगतान, प्रदूषण, कृषि योजनाओं और अन्य समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। किसानों की ओर से बकाया गन्ना भुगतान शीघ्र कराने की मांग रखी गई, जिस पर जिला गन्ना अधिकारी ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि गन्ना भुगतान की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। साथ ही किसानों को नई प्रजाति के गन्ने की बुवाई के लाभ एवं तकनीकी जानकारी भी दी गई, ताकि उत्पादन बढ़ाया जा सके और किसानों को बेहतर आय प्राप्त हो सके।
ग्राम पिनना निवासी सुमित मलिक ने पेपर मिलों से फैल रहे प्रदूषण और कचरा जलाने की समस्या को गंभीर बताते हुए प्रशासन से प्रभावी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण किसानों और ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाएगा तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे।
बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही निस्तारण आख्या की सॉफ्ट कॉपी जन शिकायत मोबाइल ऐप पर अपलोड करने और हार्ड कॉपी उप कृषि निदेशक कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। आगामी किसान समाधान दिवस में सभी संबंधित अधिकारियों को समय से उपस्थित रहने के लिए भी कहा गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित किसानों एवं अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए किसान दिवस का समापन किया गया।























































