मुजफ्फरनगर। बघरा स्थित दरगाह ए आलिया बाबुल हवाईज में आयोजित होने वाली सालाना मजलिस को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी सालाना मजलिस का आयोजन 4 जून से 7 जून तक किया जाएगा। चार दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में जनपद सहित प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में शिया समुदाय के अकीदतमंदों के साथ-साथ अन्य धर्मों के श्रद्धालु भी शामिल होंगे। दरगाह में उलेमा-ए-किराम द्वारा मजलिसों को संबोधित किया जाएगा, जिनमें धार्मिक और सामाजिक विषयों पर विचार रखे जाएंगे।
दरगाह ए आलिया बाबुल हवाईज लंबे समय से आस्था का प्रमुख केंद्र रही है। यहां हर वर्ष लाखों श्रद्धालु अपनी मन्नतें और दुआएं लेकर पहुंचते हैं। लोगों का मानना है कि दरगाह पर मांगी गई दुआएं कबूल होती हैं, जिसके चलते विभिन्न धर्मों और समुदायों के लोग भी यहां श्रद्धा के साथ आते हैं। सालाना मजलिस के सफल आयोजन को लेकर मंगलवार को दरगाह कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सभी जनरल सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं। कार्यक्रम के सुचारु संचालन के लिए लगभग 250 वालंटियर भी नियुक्त किए गए हैं।
दरगाह कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि बाहर से आने वाले जायरीन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सफाई व्यवस्था, पेयजल, अस्थायी शौचालय, वाहन पार्किंग तथा सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं को विशेष रूप से मजबूत किया गया है। कमेटी की ओर से स्थानीय दुकानदारों को भी निर्देश दिए गए हैं कि वे आने वाले श्रद्धालुओं को उचित और वाजिब दरों पर भोजन एवं अन्य आवश्यक वस्तुएं उपलब्ध कराएं। यदि किसी दुकानदार द्वारा अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत मिलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कमेटी सदस्य जीशान अली ने बताया कि मजलिस के दौरान हर वर्ष की तरह इस बार भी कई विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य लोगों के आने की संभावना है। आयोजन की तैयारियों का जायजा लेने के लिए दरगाह कमेटी के अध्यक्ष सरताज हुसैन, महासचिव आस मोहम्मद, शबी अब्बास, अकबर अब्बास, काशिफ रजा, हाशिम, डॉ. हसन मेहंदी, शान मोहम्मद तथा बघरा चौकी पुलिस के जवानों ने दरगाह परिसर का निरीक्षण किया। सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि बाहर से आने वाले जायरीन और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कमेटी ने विश्वास दिलाया है कि सभी आगंतुकों का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जाएगा और उनकी सुरक्षा व सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।























































