मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन एवं उप जिलाधिकारी सदर प्रवीन द्विवेदी ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ थाना पुरकाजी क्षेत्र स्थित उत्तराखण्ड–मुजफ्फरनगर बॉर्डर पर भूराहेड़ी चेक पोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने चेक पोस्ट पर स्थापित सीसीटीवी मॉनिटरिंग सिस्टम, संचार व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा प्रबंधों का गहनता से जायजा लिया और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
राष्ट्रीय राजमार्ग-58 पर स्थित भूराहेड़ी चेक पोस्ट जनपद मुजफ्फरनगर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां से कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उत्तराखण्ड से जनपद की सीमा में प्रवेश करते हैं। इसे ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने उपलब्ध संसाधनों एवं सुरक्षा इंतजामों का विस्तृत निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त एवं क्रियाशील सुनिश्चित की जाएं।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने बॉर्डर क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उत्तराखण्ड पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने और सूचनाओं का त्वरित आदान-प्रदान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों ने चेक पोस्ट पर तैनात पुलिस कर्मियों को पूर्ण सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने, सीसीटीवी के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखने तथा सुरक्षा और यातायात संबंधी व्यवस्थाओं का नियमित परीक्षण करते रहने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा प्रारंभ होने से पूर्व सभी तैयारियां समय रहते पूरी की जा सकें।















