अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की तैयारियां तेज, 15 जून से शुरू होंगे कार्यक्रम

बांदा में आगामी 21 जून 2025 को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन “एक पृथ्वी एक स्वास्थ्य” की थीम पर किया जाएगा। इस संदर्भ में जिलाधिकारी जे. रीभा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित हुई, जिसमें योग दिवस के सफल आयोजन के लिए व्यापक तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 15 जून से प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर योग संबंधी कार्यक्रम आयोजित किए जाएं ताकि दिनांक 21 जून को मुख्य कार्यक्रम सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

15 जून को अवस्थी पार्क में सुबह 6 बजे योग कार्यक्रम का आयोजन होगा, जिसके लिए साफ-सफाई और प्रशिक्षकों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी। इसके बाद 16 जून को जिले के सभी स्कूलों व महाविद्यालयों में योग से संबंधित प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। 17 जून को न्याय पंचायत स्तर पर योग दिवस मनाया जाएगा। 18 जून को अतिथियों और दिव्यांगजनों के लिए विशेष योग सत्र आयोजित किया जाएगा, जबकि 19 जून को कार्यस्थलों पर योग करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य आयोजन 21 जून को सभी तहसील, ब्लॉक, जनपद मुख्यालय व प्रमुख स्थानों पर आयोजित किए जाएंगे। योग कार्यक्रम के दौरान स्वस्थ रहने की शपथ भी दिलाई जाएगी। जिलाधिकारी ने योग रैली के आयोजन हेतु जिला खेलकूद अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश भी दिए हैं। इसके साथ ही अवस्थी पार्क सहित सभी योग स्थलों पर बेहतर सफाई व्यवस्था बनाए रखने का जिम्मा नगर पालिका को सौंपा गया है।

योग दिवस के कार्यक्रमों में एनसीसी छात्र-छात्राएं, पीआरडी जवान, होमगार्ड, मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थी एवं अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी भाग लेंगे। बैठक में अपर जिला अधिकारी वित्त व राजस्व, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी व आयुष विभाग के चिकित्सक भी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे योग दिवस के आयोजन को सफल बनाने में पूरी सक्रियता दिखाएं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts