शाहपुर। थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें तीन बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने उनके पास से चोरी का माल, हथियार और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की है। घायलों को इलाज के लिए शाहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मुठभेड़ की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह मौके पर पहुंचे और बताया कि तीनों बदमाश—राकेश और अभिषेक बंगाली निवासी भोपा तथा प्रवेश निवासी ककरोली—के खिलाफ लूट व चोरी के आधा दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मोटरसाइकिल पर सवार होकर भागे, खेतों में ली शरण
घटना के समय थाना प्रभारी जय सिंह भाटी के निर्देश पर हरसोली, शाहपुर कस्बा और बसधड़ा चौकी पुलिस टीम स्वाति हॉस्पिटल के पास मुजफ्फरनगर मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन युवक आए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे भागने लगे और बरवाला की ओर बाइक दौड़ा दी।
पुलिस के पीछा करने पर बदमाश बाइक छोड़कर गन्ने के खेतों में घुस गए और वहां से पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में तीनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी और वे घायल हो गए।
चोरी का माल, हथियार और कारतूस बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने घटनास्थल से तीन देशी तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस और एक काली स्प्लेंडर बाइक बरामद की। साथ ही, बरवाला से चोरी हुए पीली धातु के कुंडल और निरमाना गांव से चोरी हुआ अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
गांव वालों की जुटी भीड़
घटना की जानकारी मिलते ही गांव के सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। मौके पर सुरेंद्र एमडी, डॉ. लोकेन्द्र बालियान, मांगेराम, बबलू बालियान समेत कई ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।















