शाहपुर।वैदिक कन्या इंटर कॉलेज, सोरम के प्रांगण में आजादी के बाद आयोजित होने वाली सातवीं सर्व खाप पंचायत की तैयारी को लेकर बैठक का आयोजन किया गया। यह बैठक चौधरी देवी सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई, जबकि संचालन मा. रामपाल सिंह ने किया।
बैठक में सर्व खाप मंत्री सुभाष बालियान ने जानकारी दी कि तीन दिवसीय सर्व खाप पंचायत 16, 17 और 18 नवंबर 2025 को आयोजित की जाएगी। यह ऐतिहासिक पंचायत सर्वखाप झंडे के नीचे आयोजित की जा रही है, जिसमें देश के सभी धर्मों, जातियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही, सभी खापों के असली चौधरियों को निमंत्रण भेजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि पंचायत का आयोजन केवल सोरम गांव की जिम्मेदारी नहीं होगी, बल्कि समाज के सभी वर्ग—व्यापारी, किसान, मजदूर, नौकरीपेशा और जवान—सभी के सहयोग से किया जाएगा। इस पंचायत में समाज के भविष्य से जुड़े कई अहम फैसले लिए जा सकते हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए बालियान खाप के चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि आजादी के बाद यह सातवीं बार सर्व खाप पंचायत हो रही है। पहली बार 1950 में पंचायत का आयोजन हुआ था जिसमें समाज सुधार के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे। उन्होंने कहा कि यह पंचायत भी इतिहास में दर्ज होगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनेगी।
उन्होंने आगे कहा कि पंचायत को सफल बनाने के लिए सभी धर्मों, जातियों और सरकार का सहयोग लिया जाएगा। विशेष रूप से युवाओं को इस आयोजन की जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि लाखों लोगों के आने की संभावना है, जिनके रहने और खाने की व्यवस्था सोरम के साथ-साथ बालियान खाप के अन्य गांवों और खापों के सहयोग से की जाएगी।
बैठक में अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे और पंचायत को सफल बनाने के लिए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।















