आईपीएल 2026 में 15 साल के वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए अपनी तूफानी बल्लेबाजी से तबाही मचा रहे हैं. हालांकि, पिछले मैच में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ वैभव का बल्ला नहीं चल पाया, लेकिन अबतक खेले मुकाबलों में वैभव ने कमाल का खेल दिखाया है.यही कारण है कि रजास्थान रॉयल्स की टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने के करीब पहुंच गई है, लेकिन इसी बीच वैभव के कारण राजस्थान की टीम एक नए विवाद में फंसती हुई दिख रही है.
दरअसल, सोशल मीडिया पर एक समाजिक कार्यकर्ता ने राजस्थान रॉयल्स पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि टीम 15 साल के बच्चे से बाल मजदूरी करा रही है और फ्रेंचाइजी पर पुलिस केस होना चाहिए. वायरल वीडियो कर्नाटक के एक एक्टिविस्ट का बताया जा रहा है. इस वीडियो में वह ये कहते हुए सुने जा सकते हैं कि वैभव को अभी अपनी पढ़ाई पर फोकस करना चाहिए और लेबर कमिश्नर को वैभव के मामले पर संज्ञान लेना चाहिए. हालांकि, न्यूज-18 इस समाजिक कार्यकर्ता के बयान की पुष्टि नहीं करती है.
10 मैच में वैभव सूर्यवंशी के नाम 404 रन
आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी रन बनाने के मामले में चौथे नंबर पर हैं. वैभव अभी तक सीजन में कुल 10 मैच खेले हैं, जिसमें उनके नाम 404 रन दर्ज है. वैभव राजस्थान के लिए इस सीजन में 2 अर्धशतक और 1 शतक लगा चुके हैं. सिर्फ यही नहीं, वैभव 10 मैच में ही 37 छक्के उड़ा दिए हैं और इस लिस्ट में 15 साल का यह वंडर बॉय टॉप पर है. इसके अलावा वैभव 32 चौके भी लगाए हैं.
पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर है राजस्थान
राजस्थान रॉयल्स की टीम इस सीजन जबरदस्त खेल दिखा रही है. रियान पराग की अगुवाई वाली पहले सीजन की ये चैंपियन टीम पॉइंट्स टेबल में अभी चौथे स्थान पर है. अबतक खेले गए 10 मैचों में राजस्थान ने 6 में जीत हासिल की है और उसके 12 पॉइंट हैं. वहीं सीजन में राजस्थान को अभी 4 और मैच खेलने हैं.















