मुजफ्फरनगर। नई मंडी में व्यापार मंडल के तत्वावधान में रक्तदान एवं निशुल्क स्वास्थ्य जांच महाशिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। शिविर का शुभारंभ राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल, नगर पालिका चेयरपर्सन मीनाक्षी स्वरूप, वरिष्ठ समाजसेवी गौरव स्वरूप, शिव नारायण अग्रवाल, अंकुर गर्ग, पूर्व चेयरमैन पंकज अग्रवाल, अमित गर्ग, अनिल कंसल, पूर्व विधायक अशोक कंसल सहित अन्य अतिथियों ने व्यापारी हृदय सम्राट स्व. नेकीराम गर्ग के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया। कार्यक्रम का संचालन जयवीर सिंह और सुमित गर्ग ने किया।
शिविर में रोटरी क्लब मुजफ्फरनगर “मिड टाउन” तथा मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों ने ब्लड शुगर, हृदय, आंख एवं दांतों की निशुल्क जांच की। रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। समाचार लिखे जाने तक लगभग 70 रक्तदाताओं और 150 मरीजों का पंजीकरण हो चुका था तथा शिविर लगातार जारी था। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने रक्तदान को महादान बताते हुए संगठन की समाजसेवा की भावना की सराहना की और भविष्य में हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में प्रदेश संगठन मंत्री हर्षवर्धन जैन, जिलाध्यक्ष रामकुमार तायल, नगर अध्यक्ष नरेंद्र मित्तल, प्रवीण जैन, राधेश्याम विश्वकर्मा, ओमकार अहलावत, कमल किशोर गोयल, सत्यवीर वर्मा, सरदार रणजीत सिंह, राजीव सिंघल सहित अनेक पदाधिकारी, व्यापारी, चिकित्सक, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। शिविर के समापन पर अतिथियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया और कहा कि ऐसे आयोजन जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायी साबित होते हैं। बड़ी संख्या में लोगों ने जलपान ग्रहण कर आयोजन की सराहना की।























































