मुजफ्फरनगर में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, 55 वार्डों में लगाए जाएंगे 11,732 पौधे.

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तहत नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत शहरभर में व्यापक स्तर पर पौधारोपण करेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर चलाए जा रहे इस अभियान को सफल बनाने के लिए नगर पालिका परिषद ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप के नेतृत्व में तैयार की गई कार्ययोजना के अनुसार शहर के सभी 55 वार्डों में कुल 11,732 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके लिए शहर के 27 प्रमुख स्थानों का चयन किया गया है और अभियान को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है।

अभियान का शुभारंभ रविवार सुबह आठ बजे कंपनी बाग से होगा। नगर पालिका प्रशासन ने प्रत्येक टीम की जिम्मेदारी अवर अभियंता (जेई) और सहायक अभियंता (एई) को सौंपी है, जबकि हर टीम में पांच-पांच कर्मचारियों को शामिल किया गया है। पूरे अभियान की निगरानी अधिशासी अधिकारी पवन कुमार तथा वाटिका प्रभारी एवं नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अन्नू चौधरी करेंगे। पालिका प्रशासन का उद्देश्य केवल लक्ष्य पूरा करना नहीं, बल्कि पौधों के संरक्षण और शहर की हरित संपदा को बढ़ाने की दिशा में स्थायी पहल करना भी है।

पौधारोपण के लिए कंपनी बाग, भोपा रोड, मेरठ रोड, कच्ची सड़क और एटूजेड रोड के डिवाइडर, संधावली एसटीपी, किदवईनगर एसटीपी, जनकपुरी श्मशान घाट, सुभाषनगर, कूकड़ा, कृष्णापुरी, प्रेमपुरी, शांतिनगर, नगरपालिका कन्या इंटर कॉलेज तथा गहरा बाग मिलिट्री लैंड सहित कुल 27 स्थानों का चयन किया गया है। कंपनी बाग में विशेष रूप से 200 अनार के पौधे लगाए जाएंगे। अभियान के दौरान यूकेलिप्टिस, पीपल, नीम, जामुन, अनार, मोरपंखी और अमरूद सहित फलदार, छायादार, औषधीय एवं सजावटी पौधों का रोपण किया जाएगा, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ शहर की हरियाली भी बढ़ेगी।

पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान अब उत्तर प्रदेश में जनआंदोलन का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि मां के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता और पर्यावरण संरक्षण का भावनात्मक संदेश भी देता है। उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि प्रत्येक परिवार अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके वृक्ष बनने तक उसकी देखभाल का संकल्प भी निभाए। उनका कहना था कि यदि हर नागरिक इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करेगा तो मुजफ्फरनगर को अधिक हरा-भरा, स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है और पौधारोपण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts