कांवड़ यात्रा 2026 की तैयारियों का जायजा, एसपी सिटी ने गंगनहर पुलों और यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण.

मुजफ्फरनगर। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु, व्यवस्थित और दुर्घटनामुक्त ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर अमृत जैन ने कांवड़ यात्रा मार्ग, खतौली गंगनहर पुल और सठेड़ी गंगनहर पुल का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने गंगनहर में बढ़े हुए जलस्तर का भी अवलोकन किया और अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या दुर्घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त करने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध समय रहते पूरे कर लिए जाएं। गंगनहर में बढ़े जलस्तर को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश देते हुए कहा गया कि श्रद्धालुओं को केवल निर्धारित एवं सुरक्षित घाटों पर ही स्नान करने दिया जाए। इसके अलावा किसी भी व्यक्ति को गंगनहर के किनारे अथवा प्रतिबंधित स्थानों पर जाने से रोकने के लिए प्रभावी बैरिकेडिंग और पुलिस निगरानी सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती करने, सीसीटीवी और अन्य निगरानी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी पूरी सतर्कता, अनुशासन और सौहार्दपूर्ण व्यवहार के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

पुलिस अधीक्षक नगर ने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन योजना लागू की जाए। आम नागरिकों और श्रद्धालुओं दोनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक संकेतक, बैरिकेडिंग और पुलिस सहायता केंद्र समय पर स्थापित किए जाएं। उन्होंने कहा कि सुरक्षा, यातायात और आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी इंतजाम समय रहते पूरे कर लिए जाएं ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी नई मंडी राजू कुमार साव, क्षेत्राधिकारी खतौली रूपाली राय सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर आवश्यक सुधारों के संबंध में संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts