नेपाल एक रुपये के नए सिक्के पर विवादित नक्शा छापेगा, भारत पहले ही जता चुका है आपत्ति

नेपाल सरकार ने फैसला किया है कि वह एक रुपये का नया सिक्का जारी करेगी. इस सिक्के पर नेपाल का वही विवादित नक्शा होगा, जिसमें लिंपियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया है. इन तीनों इलाकों को लेकर भारत और नेपाल के बीच लंबे समय से सीमा विवाद चल रहा है. नेपाल का कहना है कि ये तीनों इलाके उसके हैं. वहीं, भारत का कहना है कि लिंपियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी उत्तराखंड का हिस्सा हैं. भारत पहले भी साफ कर चुका है कि इस विवाद का समाधान दोनों देशों के बीच बातचीत से होना चाहिए.नेपाल राष्ट्र बैंक (NRB) के प्रवक्ता गुरु प्रसाद पौडेल ने शनिवार को बताया कि केंद्रीय बैंक एक रुपये का नया सिक्का जारी करेगा. हालांकि, बैंक को अभी तक सिक्के का अंतिम डिजाइन आधिकारिक तौर पर नहीं मिला है. फिर भी उन्हें पूरा भरोसा है कि नए सिक्के पर वही नक्शा होगा, जिसमें विवादित तीनों इलाके नेपाल का हिस्सा दिखाए जाएंगे.

2020 में विवाद सामने आया था

यह विवाद पहली बार मई 2020 में चर्चा में आया था. उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली की सरकार ने नेपाल का नया आधिकारिक नक्शा जारी किया था. उस नक्शे में भी लिंपियाधुरा, लिपुलेख और कालापानी को नेपाल का हिस्सा दिखाया गया था.दिलचस्प बात यह है कि 20 जुलाई को नेपाल सरकार ने फैसला किया था कि एक रुपये के सिक्के पर बने नेपाल के नक्शे को हटाकर उसकी जगह एक बौद्ध मठ (मोनास्ट्री) की तस्वीर लगाई जाएगी. लेकिन इस फैसले का विपक्षी दलों और आम लोगों ने विरोध किया. सरकार पर बढ़ते दबाव के बाद यह फैसला बदल दिया गया और अब नक्शे को ही सिक्के पर बनाए रखने का निर्णय लिया गया है.

नया सिक्का पहले से छोटा और हल्का

नेपाल राष्ट्र बैंक के अनुसार, नए सिक्के का आकार और धातु पहले वाले सिक्के से अलग होगी. नया सिक्का पहले की तुलना में छोटा और हल्का होगा, लेकिन उस पर नेपाल का विवादित नक्शा ही छापा जाएगा. नेपाल के इस फैसले से भारत-नेपाल सीमा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. भारत लगातार कहता रहा है कि इस तरह के संवेदनशील सीमा विवाद का हल केवल द्विपक्षीय बातचीत से ही निकाला जा सकता है.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts